संजय सिंह ने लगाया आरोप- दिल्ली में भी ऑपरेशन लोटस, अखिलेश बोले- जो प्रधानी के चुनाव में नहीं होता वाे…

संजय सिंह ने लगाया आरोप- दिल्ली में भी ऑपरेशन लोटस, अखिलेश बोले- जो प्रधानी के चुनाव में नहीं होता वाे…

लखनऊ। आम आदमी पार्टी आप (आप) के यूपी प्रभारी संजय सिंह ने शुक्रवार को राजधानी में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की और प्रदेश में उनके प्रत्याशियों के लिए प्रचार करने की घोषणा की।

अखिलेश ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल से फोन पर बात कर हाल-चाल दिया और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई में उनका पूरा सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

दोनों नेताओं ने साझा पत्रकार वार्ता कर लोकतंत्र को बचाने के लिए मिलकर लड़ाई लड़ने की भी घोषणा की। अखिलेश ने कहा कि जिन संस्थाओं से न्याय मिलने की उम्मीद होती है उनका दुरुपयोग कर भाजपा चुनाव जीतना चाहती है। जो चीज प्रधानी के चुनाव में नहीं होती वह लोकसभा चुनाव में हो रही हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल दिया गया। महाराष्ट्र में भी सरकार गिराई गई। पुलिस के दम पर विपक्षी नेताओं को जबरन भाजपा अपनी पार्टी में शामिल कर रही है।

हम आईएनडीआईए के साथ: संजय

वहीं, संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आप का एक-एक कार्यकर्ता समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों का जोर-जोर से प्रचार करेगा। अभी कांग्रेस नेतृत्व के साथ बैठक नहीं हुई है, जैसे ही बैठक होगी इसकी घोषणा भी की जाएगी। हम आईएनडीआईए के साथ है।

संजय ने कहा कि दिल्ली में भी ऑपरेशन लोटस शुरू कर दिया गया है और चुनी हुई सरकार को गिराने के लिए हर हथकंडा अपनाया जा रहा है। आखिर मणिपुर में महिला को निर्वस्त्र कर सरेआम घुमाया गया तो वहां के मुख्यमंत्री से इस्तीफा क्यों नहीं लिया गया।

जब गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे ने किसानों को कुचल दिया तो उनसे इस्तीफा क्यों नहीं लिया गया। आज मोदी हर भ्रष्टाचारियों को पार्टी में शामिल करने की गारंटी ले रहे हैं चाहे वह महाराष्ट्र के अजित पवार हों या फिर कोई अन्य। हम हर तरह से आईएनडीआईए का पूरा सहयोग करेंगे।


विडियों समाचार