shobhit University Gangoh
 

सहारनपुर: वायुसेना ने आसमान से फूल बरसाकर किया सम्मान, कोरोना योद्धा बोले- यह ऐतिहासिक और गौरवशाली क्षण

सहारनपुर में वायुसेना के जांबाजों की ओर से कोरोना की जंग में जुटे कर्मयोद्धाओं पर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। शहर के जिला चिकिसाल्य में महिला अस्पताल की छत पर मेडिकल स्टाफ व डॉक्टरों से लेकर अन्य कर्मचारियों पर हेलिकॉप्टर से फूल बरसाए गए।

फूलों की बौछार होते ही कोरोना योद्धाओं ने तालियां बजाकर वायुसेना का अभिवादन कर शुक्रिया अदा किया। इसके साथ ही पूरे हौसले के साथ कोरोना की जंग में जीत का संकल्प लिया। इस दौरान डीएम अखिलेश सिंह, सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी सहित अन्य अफसर भी मौजूद रहे।
इससे पहले सीएमएस डॉ. अनीता जोशी सहित अन्य महिला चिकित्सक हेलिकॉप्टर की आवाज कानों में पड़ते ही हाथ उठाकर फूलों की बरिश होने का इशारा करने लगे। कुछ ही सेकेंड में हेलिकॉप्टर से कोरोना योद्धाओं पर फूलों की वर्षा हुई।

इसके अलावा पिलखनी स्थित राजकीय मेडिकल कालेज में भी फूलों की वर्षा की गई। मगर यहां निर्धारित समय से पहले ही फूल गिरने से मेडिकल स्टाफ यह नजारा देखने से महरूम रह गया। मेडिकल स्टाफ ने वायुसेना के इस इवेंट को की खूब सराहना की है।

बोले- हमारे लिए यह ऐतिहासिक और गौरवशाली क्षण
हेलिकॉप्टर से फूलों की वर्षा से गदगद मेडिकल स्टाफ के डॉक्टरों से लेकर चिकित्सकों तक ने इसे ऐतिहासिक और गौरवशाली क्षण बताया।

उन्होंने कहा कि चिकित्सीय सेवा में तो उन्हें बरसों बीत गए हैं। लेकिन उनका हौसला बढ़ाने के लिए ऐसा प्रयास पहली बार हुआ है। इन क्षणों का गवाह बनने से वे काफी खुश हैं। इस नजारे का हिस्सा बनने के लिए वे एक घंटा पहले से ही जुट गए थे।

मोबाइल में नजारा कैद करने की रही होड़
इस इवेंट के दौरान अधिकतर स्टाफ में मोबाइल कैमरे में यह नजारा कैद करने की भी होड़ रही। हेलिकॉप्टर आने से पहले ही मोबाइल ऊपर उठाकर गिरते हुए फूलों का शॉट लेने की बेताबी हर किसी में नजर आई।

हौसला बढ़ाते हैं ऐसे प्रयास: डीएम
डीएम अखिलेश सिंह ने कहा कि इस तरह के प्रयास हौसला बढ़ाते हैं। सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी का कहना है कि कोरोना जैसी महामारी के बीच भी यह इवेंट हौसला बढ़ाएगा। इससे कोरोना की जंग में जीतने के लिए और हिम्मत बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि स्टाफ के हौसले के साथ आम जनमानस का सहयोग और संकल्प भी जरूरी है।

Jamia Tibbia