गठबंधन धर्म का पालन करें कार्यकर्तां : रूद्रसैन
- सहारनपुर में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी।
सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव व जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन ने कहा कि कुछ लोग लाल टोपी पहनकर अन्य दलों के प्रत्याशियों का समर्थन कर रहे हैं। ऐसे लोगों को बेनकाब करते हुए पार्टी स्तर पर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि सपा जिलाध्यक्ष चौ. अब्दुल वाहिद द्वारा जारी पत्र में लोकदल नेता सलीम कुरैशी को प्रत्याशी घोषित किया गया है जिसे पार्टी का पूरा समर्थन रहेगा।
सपा के पूर्व प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन कस्बा गंगोह में वरिष्ठ सपा नेता चौ. नक्षत्र सिंह के आवास पर पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सपा-रालोद गठबंधन से प्रदेश स्तर पर राजनीति को नई दिशा मिली है जिसके चलते निकाय चुनाव में गठबंधन धर्म का पूरी तरह पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बसपा व भाजपा दोनों एक दूसरे की पूरक हैं एक वर्ग विशेष की राजनीकि करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में पार्टी हाईकमान द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुसार लोकदल सपा का प्रत्याशी चुनाव मैदान में रहेगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से हाईकमान की मंशा पर खरा उतरने का आह्वान किया। एक सवाल के जवाब में चौ. रूद्रसैन ने कहा कि निकाय चुनाव आगामी लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल है जिसमें प्रदेश की जनता सपा प्रत्याशियों को जिताने का काम करेगी तथा आगामी लोकसभा चुनाव में भी सपा देश व प्रदेश में अपना परचम लहराएगी। वार्ता के दौरान चौ. नक्षत्र सिंह व हाजी सलीम कुरैशी भी मौजूद रहे।
