आरएसएस ने पथ संचलन निकालकर मनाया संघ का स्थापना दिवस

आरएसएस ने पथ संचलन निकालकर मनाया संघ का स्थापना दिवस
  • सहारनपुर में पथ संचलन करते आरएसएस के कार्यकर्ता।

सहारनपुर। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने भारतीय नववर्ष 2080 व संघ संस्थापक डा. हेडगेवार का जन्मदिवस महानगर में परम्परागत ढंग से हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दो शाखाओं के कार्यकर्ताओं द्वारा अपने बस्ती क्षेत्र में पूर्ण गणवेश में पथ संचलन किया जिसका लोगों ने अनेक स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। महानगर की सभी 43 शाखाओं के कार्यक्रम के प्रारम्भ में अध्र्य सरसंघ चालक प्रणाम हुआ।

इसके बाद ध्वजारोहण गीत एवं अमृत वचन के बाद वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि चैत्र मास शुक्ल पक्ष के प्रथम दिन का हमारे देश में विशेष महत्व है। ऐसी मान्यता है कि इसी दिन ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना की थी। भगवान राम एवं युधिष्ठिर का राज्याभिषेक इसी दिन हुआ था। गुरू अंगद देव का प्रकाशोत्सव, संत झूलेलाल का प्रकटोत्सव, महर्षि दयानंद द्वारा आर्य समाज की स्थापना, महाराज विक्रमादित्य द्वारा विक्रमी संवत का शुभारम्भ एवं संघ संस्थापक डा. केशवराम बलिराम हेडगेवार का जन्मदिन भी आज के दिन ही हुआ था।

उन्होंने कहा कि पूर्व काल में महाराज विक्रमादित्य ने युवाओं को संगठित कर देश को विदेशी आक्रांता शकों से मुक्त कराया था। वर्तमान समय में बिखरे हिंदू समाज को संगठित एवं जागृत करने के लिए डा. केशवराव बलिराम हेडगेवार ने 1925 में नागपुर में संघ की स्थापना की थी। वे जन्मजात देशभक्त थे। उन्होंने अविवाहित रहकर अपना सम्पूर्ण जीवन देश की सेवा में लगा दिया। हम उनसे प्रेरणा लेकर हिंदू धर्म, संस्कृति एवं समाज के संरक्षण का संकल्प लें।

सुदर्शन नगर की जनक शाखा का पथ संचलन संघ कार्यालय मधुकर कुंज से प्रारम्भ होकर देहरादून चौक, खान आलमपुरा, जनकनगर, तकिया से होते हुए जनकपुरी अम्बेडकर चौक से पुन: मधुकर कुंज पहुंचकर सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डा. मोहन सिंह व विभाग प्रचारक प्रवीर का बौद्धिक हुआ। इस दौरान कार्यवाह देवेंद्र बंसल, महानगर प्रचारक चक्षु, कार्यालय प्रमुख नीरज, संघ चालक योगेश, कार्यवाह श्रेय, शेखर आदि मौजूद रहे।


विडियों समाचार