रालोद कार्यकर्ताओं ने जलाई गन्ने की होली, सौंपा ज्ञापन

सहारनपुर। राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार द्वारा गन्ने के समर्थन मूल्य में बढ़ोत्तरी न किए जाने के विरोध में कलक्ट्रेट तिराहे पर गन्ने की होली जलाकर जिला मुख्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा राज्यपाल को सम्बोधित ज्ञापन नगर मैजिस्ट्रेट को सौंपकर गन्ने का समर्थन मूल्य 450 रूपए प्रति कुंतल घोषित करने की मांग की।
रालोद कार्यकर्ता देहरादून रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए तथा उन्नाव रेप पीडि़ता की आत्मा की शांति के लिए हवन किया। तत्पश्चात कलक्ट्रेट तिराहे पर गन्ने की होली जलाई तथा जिला मुख्यालय पहुंचकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राव केसर सलीम व प्रदेश महासचिव चौ. धीरसिंह ने कहा कि देश व प्रदेश में बलात्कार की घटनाओं की बाढ़ सी आ गई है। देश में हर 15 मिनट में बलात्कार की एक घटना हो रही है तथा प्रशासन कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है। उन्होंने कहा कि उन्नाव में एक युवती को जिंदा जलाने की घटना ने पूरे प्रदेश की आत्मा को झकझोर के रख दिया है। प्रदेश में बहन-बेटी की इज्जत-आबरू सुरक्षित नहीं है। उन्होंने बलात्कार के आरोपियों को फांसी की सजा दिलवाने तथा पीडि़ता के परिजनों को दो करोड़ रूपए आर्थिक सहायता देने की भी मांग की।
राव केसर सलीम व चौ. धीरसिंह ने प्रदेश सरकार द्वारा घोषित किए गए गन्ना समर्थन मूल्य को अपर्याप्त बताते हुए कहा कि जब से उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है तब से गन्ना मूल्य में एक भी रूपए की वृद्धि नहीं हुई है। जबकि उर्वरकों के दामों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार से गन्ना मूल्य पर पुनर्विचार करते हुए 450 रूपए प्रति कुंतल गन्ना मूल्य घोषित करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों में चौ. अर्जुन सिंह, अय्यूब हसन, चौ. धनवीर सिंह, सागर चौधरी, रमेश चौहान, नीरज पूनिया, जयभगवान, रामपाल, राजवीर सिंह, विक्रम गुर्जर, प्रीतम सैनी, सतपाल कालड़ा, राव इरफान, राव आरिफ, प्रवेश कश्यप, विशाल काम्बोज, महावीर सिंह सैनी, राव शाकिर, श्रवण काम्बोज, कुशलपाल सिंह, राव शहजाद, अशफाक आदि सहित भारी संख्या में किसान शामिल रहे।