रविदास जयंती व शबे बारात बिजली-पानी की निगम कर रहा तैयारी
- कब्रिस्तान में पेयजल व्यवस्था का जायजा लेते अधिशासी अभियंता जल वी बी सिंह
सहारनपुर। महानगर में संत रविदास जयंती पर निकलने वाली शोभायात्राओं के मार्गाे और शबे बारात पर कब्रिस्तानों में प्रकाश व्यवस्था के लिए नगर निगम पांच दिवसीय खास अभियान चलाकर सभी प्रकाश बिंदुओं को दुरुस्त कर रहा है। प्रकाश पथ प्रभारी व अधिशासी अभियंता वीबी सिंह ने नगरायुक्त संजय चौहान के निर्देश पर आज कब्रिस्तानों का भ्रमण कर प्रकाश व्यवस्था और पेयजल स्थिति का जायजा लिया।
नगरायुक्त संजय चौहान के निर्देश पर नगर निगम के स्वास्थय विभाग, पथ प्रकाश विभाग व जलकल विभाग ने संत रविदास जयंती व शबे बारात को दृष्टिगत रखते हुए अपनी तैयारियों को अंतिम रुप देना शुरु कर दिया है। अधिशासी अभियंता जल वी बी सिंह ने बताया कि उक्त पावन पर्वाे पर प्रकाश व्यवस्था पूर्णतः व्यवस्थित रखने के लिए एक कार्ययोजना के तहत प्रकाश विभाग द्वारा पांच दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। दो फरवरी से सात फरवरी तक चलने वाले इस अभियान के तहत पथ प्रकाश संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के साथ निस्तारण कराया जा रहा है तथा संत रविदास जयंती पर महानगर क्षेत्र में निकलने वाली शोभायात्राओं के दृष्टिगत शोभायात्रा के मार्गाे पर सभी प्रकाश बिंदु निरंतर क्रियाशील रहें, यह सुनिश्चित किया जा रहा है।
इसके अलावा महानगर के कब्रिस्तानों में प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए भी सभी प्रकाश बिंदुओं को ठीक किया जा रहा है। ताकि कब्रिस्तान जाकर इंतकाल फरमा चुके अपने बुजुर्गाे की कब्रो पर मगफिरत की दुआएं मांगने वाले लोगों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि आज अवर अभियंता प्रकाश समर गौतम के साथ उन्होंने डबनी वाला कब्रिस्तान, गोटेशाह कब्रिस्तान, ईदगाह के निकट वाले कब्रिस्तान, बाबा लालदास रोड स्थित हाजीशाह कब्रिस्तान आदि कब्रिस्तानों का निरीक्षण कर प्रकाश व पेयजल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि शबे बारात की रात को सभी प्रमुख कब्रिस्तानों में विद्युत व्यवस्था की देखरेख के लिए विशेष टीमें भी लगायी जायेंगी।