रालोद ने केंद्र सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए किया हवन-यज्ञ

- सहारनपुर में चरणसिंह चौक पर प्रदर्शन करते रालोद कार्यकर्ता।
सहारनपुर [24CN]। राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने कृषि कानून के विरोध में केंद्र सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए हवन-यज्ञ करने के बाद चौ. चरणसिंह की प्रतिमा के नीचे बाजुओं पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया तथा केंद्र सरकार से किसान विरोधी कृषि कानूनों को अविलम्ब वापस लिए जाने की मांग की। राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देते हुए आवास विकास कालोनी स्थित पार्क में पहुंचे जहां उन्होंने केंद्र सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए हवन-यज्ञ किया। तत्पश्चात उन्होंने रालोद जिलाध्यक्ष राव केसर व प्रदेश महासचिव चौ. धीरसिंह के नेतृत्व में अस्पताल चौक स्थित चौ. चरणसिंह की प्रतिमा के नीचे बाजुओं पर काली पट्टी बांधकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राव केसर ने कहा कि केंद्र सरकार पुलिस बल के द्वारा किसानों के आंदोलन को कुचलना चाहती है परंतु रालोद किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि रालोद के तमाम नेताओं के घरों पर आज सुबह जिस तरह पहरा लगाकर उन्हें नजरबंद करने की कोशिश की गई वह निंदनीय है जो अंग्रेजी शासनकाल की यादों को ताजा करती है। प्रदेश महासचिव चौ. धीरसिंह ने कहा कि रालोद किसी भी सूरत में किसानों के शोषण व उत्पीडऩ को बर्दाश्त नहीं करेगी। प्रदर्शनकारियों में रविंद्र गुर्जर, गजेंद्र चौधरी, सतपाल कांगड़ा, फखरूल इस्लाम, अनुज चौधरी, आदित्य राणा, आसिफ पार्षद, सुभाष राणा, सुभाष चंद, पदम सिंह, जुनैद, सतपाल चौहान, चौ. मगन सिंह, दीपक चौधरी, उदयवीर शास्त्री, सागर चौधरी, राव जान मोहम्मद, राव अखलाक, राव रिजवान, अशोक मुखिया, मनोज चौधरी, चौ. ज्ञानसिंह, रोहित पंवार आदि शामिल रहे।