
‘राहुल गांधी ने किया पूर्वोत्तर का अपमान’, गमोसा ना पहनने पर कांग्रेस पर बरसे अमित शाह
नई दिल्ली। असम की पारंपरिक पोशाक गमछा को लेकर एक कार्यक्रम में राहुल गांधी की मौजूदगी पर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। गृह मंत्री अमित शाह और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर असम और पूर्वोत्तर की संस्कृति का अपमान करने का आरोप लगाया है।
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा दिए गए गमछे को पहनने से इनकार किया। उन्होंने कहा,“ राहुल गांधी कुछ भी करें, लेकिन जब तक भाजपा सत्ता में है असम की संस्कृति का अपमान नहीं होने दिया जाएगा।“
अमित शाह और हिमंत बिस्वा सरमा का राहुल पर हमला
शाह ने यह बयान असम के डिब्रूगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों, यहां तक कि विदेशी मेहमानों ने भी सम्मान के तौर पर गमछा पहना लेकिन राहुल गांधी ने नहीं पहना। यह बयान ऐसे समय में आया है जब असम में इस साल चुनाव होने वाले हैं, जिससे इस मुद्दे को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी राहुल गांधी और कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को असम और पूर्वोत्तर की संस्कृति का सम्मान करना सिखना चाहिए।
उन्होंने कहा, अगर राहुल गांधी लोगों की संस्कृति का सम्मान नहीं कर सकते, तो उन्हें उनसे वोट भी नहीं मांहना चाहिए। भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरों का हवाला देते हुए दावा किया कि राहुल गांधी ही ऐसे व्यक्ति थे जिन्होंने गमछा नहीं पहना।
कांग्रेस का पलटवार
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा के आरोपों को झूठा और भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा राहुल गांधी की छवि खराब करने के लिए गलत प्रचार कर रही है। खरगे ने कहा, राहुल गांधी अकेले नहीं थे जिन्होंने गमछा नहीं पहना। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा ने भी गमछा नहीं पहने थे।
कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी दावा किया कि राहुल गांधी गमछा हाथ में लिए हुए थे और बाद में पहन भी लिया था। मल्लिकार्जुन खरगे ने इस मुद्दे को पलटते हुए सरकार पर खुद राहुल गांधी का अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस पर उन्हें और राहुल गांधी को तीसरी पंक्ति में बैठाया गया था।
