प्रशांत किशोर ने याद दिलाया ‘फर्ज और कर्ज’, बोले- ऐसे नेताओं को झाड़ू मारकर भगाएं

प्रशांत किशोर ने याद दिलाया ‘फर्ज और कर्ज’, बोले- ऐसे नेताओं को झाड़ू मारकर भगाएं
  • प्रशांत किशोर बिहार में जन सुराज पदयात्रा निकाल रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को वह मधुबनी जिले के बिस्फी प्रखंड के गांवों में गए। यहां उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए वोट की अहमित को समझाया। इसके साथ ही प्रशांत किशोर ने लोगों को बिहार की मिट्टी के प्रति फर्ज और कर्ज की भी याद दिलाई।

मधुबनी। बिहार में जनसुराज पदयात्रा कर रहे प्रशांत किशोर ने मंगलवार को एक बार फिर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया। उन्होंने बिहार को सबसे ज्यादा भुखमरी और बेरोजगारी वाला बताते हुए ‘फर्ज और कर्ज’ याद दिलाया। उन्होंने ऐसे नेताओं को झाड़ू मारकर बाहर करने की बात भी कही जो लोगों को रोजगार और अच्छी शिक्षा नहीं दिला पा रहे हों।

दरअसल, प्रशांत किशोर अपनी पदयात्रा के तहत मंगलवार को मधुबनी जिले के बिस्फी प्रखंड में पहुंचे थे। प्रखंड के अलग-अलग गांवों में जाकर उन्होंने लोगों को संबोधित कर जागरूक करने का प्रयास किया।

प्रशांत किशोर के संबोधन के दो वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे हैं। पहले वीडियो में सुना जा सकता है कि प्रशांत किशोर ने कहा है कि देश में सबसे ज्यादा गरीब हैं आप।

देश में सबसे ज्यादा पिछड़े हैं। सबसे ज्यादा भुखमरी और बेरोजगारी वाले राज्य हैं। लेकिन यहां के आदमी की आंख नहीं खुल रही है।

इस मिट्टी का कर्ज है: प्रशांत

उन्होंने कहा कि इसलिए आपके और हमारे बच्चों को ये भुगतना पड़ रहा है। इसलिए ये पैदल चल रहे हैं। अपना घर-परिवार छोड़कर अपना फर्ज समझकर, जीवन में अगर भगवान ने हमको शक्ति-बुद्धि दी है तो ये सोचकर आए हैं कि इस मिट्टी का कर्ज है।

प्रशांत किशोर ने कहा कि कम से कम एक बार प्रयास करके देखें। गांव-गांव जाएं। आपको हाथ जोड़ें। समझाएं; जगाएं कि अरे मेरे भाई अपने लिए नहीं तो कम से कम एक बार अपने बच्चों के लिए जगो। नहीं जगोगे तो इसी बदहाली में जीवन बीत जाएगा। यही बताने आए हैं।

कभी गरीबी से नहीं निकल पाएंगे

एक अन्य वीडियो में प्रशांत किशोर कह रहे हैं कि आपके वोट की कीमत नाली-गली नहीं है। आपके वोट की कीमत 4 किलो अनाज नहीं है।

आपके वोट की कीमत है आपके बच्चों को रोजगार और पढ़ाई। इससे कम पर सौदा कीजिएगा तो आप कभी भी गरीबी से नहीं निकल पाइएगा।

उन्होंने कहा कि अगर इस पर सौदा होगा तो तय कीजिए कि आपके बच्चों को रोजगार और पढ़ाई ना मिले तो जो नेता है, चाहे आपकी जात का है कि पार्टी का है। उसको झाड़ू मारकर बाहर भगाइए। आपके बच्चों की किस्मत तभी बदलेगी।

बता दें कि जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने 28 नवंबर को बिस्फी प्रखंड में पदयात्रा की। वह जफरा से पद यात्रा शुरू कर सिमरी, रथोस, तीसी, नूरचक होते हुए बिस्फी पहुंचेंगे। प्रशांत किशोर कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी संदीप कश्यप ने दी।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे