लखीमपुर खीरी प्रकरण के खिलाफ सपाइयों ने निकाला जुलूस, पुलिस ने किया गिरफ्तार

लखीमपुर खीरी प्रकरण के खिलाफ सपाइयों ने निकाला जुलूस, पुलिस ने किया गिरफ्तार
  • सहारनपुर में सपाइयों को हिरासत में लेकर जाती पुलिस।

सहारनपुर [24CN]। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लखीमपुर खीरी में किसानों की नृशंस हत्या के खिलाफ जिला मुख्यालय पर जमकर हंगामा काटा। हंगामा कर रहे सपाइयों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बाद में पुलिस लाईन ले जाकर उन्हें रिहा कर दिया।

लखीमपुर खीरी में भाजपा सांसद अजय मिश्रा टेनी के बेटे के चालक द्वारा किसानों के ऊपर गाड़ी चढ़ाकर उनकी नृशंस हत्या करने के विरोध में सपा कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन के नेतृत्व में हकीकत नगर स्थित धरना स्थल पर पहुंचे तथा नारेबाजी कर धरने पर बैठ गए। धरने को सम्बोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन ने कहा कि लखीमपुर खीरी में किसानों की नृशंस हत्या भाजपा की किसान विरोधी मानसिकता को उजागर करता है।

केंद्र सरकार में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम का विरोध कर रहे अन्नदाता किसानों की हत्या मानवता के प्रति अपराध है। उन्होंने कहा कि इस सम्पूर्ण मामले की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराकर दोषियों को अविलम्ब फांसी की सजा दिलाई जाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अन्नदाता किसानों का शोषण व उत्पीडऩ बर्दाश्त नहीं करेगी। धरने को अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व चेयरमैन लियाकत अली एडवोकेट, मजाहिर हसन राणा, कार्तिकेय राणा, साहिल खान, पूर्व दर्जा मंत्री मांगेराम कश्यप ने भी सम्बोधित किया।

धरने के बाद सपा कार्यकर्ता चौ. रूद्रसैन की अगुवाई में नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उधर सपा की महानगर इकाई के कार्यकर्ता सपा व्यापार सभा के प्रदेशाध्यक्ष व नगर विधायक संजय गर्ग, पूर्व जिलाध्यक्ष चौ. जगपाल दास गुर्जर, महानगर अध्यक्ष मो. आजम शाह व पूर्व महानगर अध्यक्ष फैसल सलमानी के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे तथा लखीमपुर खीरी प्रकरण में दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों में शामिल संदीप उर्फ अच्छन यादव, के. पी. सिंह, राव वजाहत, आकाश पंवार खटीक, अनुज मदनूकी, वासिल तोमर, नागेंद्र राणा, अमित सलेमपुर, हसीन कुरैशी, इंजी. विजेश शर्मा, रामकुमार विश्वकर्मा, पार्षद अभिषेक अरोड़ा टिंकू, उमर अली, नवाब सिंह यादव, चौ. अब्दुल गफूर, जसवीर वाल्मीकि, सचिन भारद्वाज, जमाल साबरी, कुलदीप यादव, राव जुल्फकार खान, राव अली खान समेत सैंकड़ों सपाइयों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बाद में पुलिस लाइन ले जाकर सभी कार्यकर्ताओं को रिहा किया गया।