नई दिल्ली: देश की नव निर्वाचित राष्ट्रपति आज भारत की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगी। इससे पहले रविवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देश के नाम अपना आखिरी संबोधन दिया। इस दौरान उन्होंने देश के लोगों से जलवायु परिवर्तन के गहराते संकट के मद्देनजर प्रकृति संरक्षण के लिए सभी नागरिकों से अपनी भूमिका निभाने का आहान किया। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति कोविंद के विदाई संबोधन को प्रेरणादायक बताया है। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी राष्ट्रीय प्रगति के प्रति उनके जुनून को दर्शाती है।
पीएम मोदी ने किया ट्वीट
राष्ट्रपति कोविंद ने अपने विदाई संबोधन में युवाओं से अपनी जड़ों से जुड़े रहने का आग्रह किया। उन्होंने सभी से आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण की रक्षा करने की अपील करते हुए कहा कि प्रकृति मां गहरी पीड़ा में है और जलवायु संकट इस ग्रह के भविष्य को खतरे में डाल सकता है। इस दौरान उन्होंने जोर देते हुए कहा कि देश 21वीं सदी को भारत की सदी बनाने के लिए तैयार हो रहा है।
राष्ट्र प्रगति के जुनून को लेकर की देशसेवा
राष्ट्रपति कोविंद के विदाई संबोधन को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि राष्ट्रपति कोविंद का संबोधन बेहद ही प्रेरणादायक था। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणियां राष्ट्रीय प्रगति के प्रति उनके जुनून को दर्शाती है और उस भावना को दर्शाती है जिसके साथ उन्होंने हमारे राष्ट्रपति के रूप में देश की सेवा की।
राष्ट्रपति भवन में रात्रिभोज का आयोजन
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रविवार को राष्ट्रपति भवन में नव निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिपरिषद के लिए रात्रिभोज का आयोजन किया। राष्ट्रपति कार्यालय ने ट्वीट कर जानकारी दी कि राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद ने निर्वाचित राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सदस्यों के लिए राष्ट्रपति भवन में रात्रिभोज का आयोजन किया
मुर्मू आज लेंगी 15वीं राष्ट्रपति के रूप में शपथ
आपको बता दें, रामनाथ कोविंद ने 25 जुलाई, 2017 को पांच साल के कार्यकाल के लिए भारत के 14वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। जिसके बाद आज द्रौपदी मुर्मू भारत की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगी।