भोपाल। राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह के हिंदू विरोधी बयानों को लेकर कांग्रेस पार्टी के भीतर से विरोधी सुर उठने लगे हैं। पार्टी के वरिष्‍ठ नेता भी यह मानने लगे हैं कि हिंदू विरोधी बयानों ने कांग्रेस को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। महत्‍वपूर्ण बात यह भी है कि इस संबंध में कांग्रेस की अंतरिम अध्‍यक्ष सोनिया गांधी से पार्टी नेता अब संवाद कर रहे हैं।

वहीं मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दिग्विजय पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि कांग्रेस के युवराज के राजनीतिक गुरु दिग्विजय सिंह की हिंदू विरोधी मानसिकता के खिलाब अब उन्हीं की पार्ट में आवाज बुलंद हो गई है।

मामला ऑल इंडिया कांग्रेस के सदस्‍य विश्‍वबंधु राय द्वारा लिखे एक पत्र का है। 11 जुलाई को सोनिया गांधी को लिखे पत्र में उन्होंने कहा है कि हिंदुत्‍व और हिंदू विरोधी बयानों से पार्टी को नुकसान हो रहा है। उन्‍होंने इस पर विस्‍तार से आपत्ति दर्ज कराई है। राय ने ऐसे बयानों पर रोक लगाने की मांग की है। मालूम हो कि दिग्विजय सिंह पहले भी कई बार हिंदू विरोधी बयान देकर विवादों में रह चुके हैं।

दिग्विजय सिंह ने हाल ही में मोहन भागवत के बयान पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि देश में हिंदू और मुस्लिम का डीएनए एक ही है। ऐसे में लव जिहाद जैसे कानून की जरूरत नहीं है। इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें घेरा था। बता दें कि उनके बयानों से कभी-कभी पार्टी भी असहज हो जाती है।