राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने लगाया प्रधानमंत्री पर वायदाखिलाफी का आरोप

- सहारनपुर में धरने को सम्बोधित करते किसान मजदूर संगठन के अध्यक्ष स. बी. एम. सिंह।
सहारनपुर [24CN]। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष स. बी. एम. सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गन्ना किसानों के साथ वायदाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वायदा किया था अगर चीनी मिलें 14 दिन के अंदर गन्ना मूल्य भुगतान नहीं करती तो किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान ब्याज सहित कराया जाएगा।
स. बी. एम. सिंह आज यहां कलक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन द्वारा बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की मांग को लेकर चलाए जा रहे धरने के दूसरे दिन किसानों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 70 लाख गन्ना किसान हैं जिनकी परिवार सहित जनसंख्या साढ़े तीन करोड़ है। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों को 2011 से लेकर 2021 तक बकाया गन्ना मूल्य पर ब्याज का भुगतान नहीं होता तथा किसानों को उनका सम्पूर्ण भुगतान नहीं किया जाता तथा वायदे के अनुसार किसानों को उनकी लागत का डेढ़ गुणा मूल्य नहीं मिलता तब तक किसान अपना आंदोलन जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा में सरकार ने स्वीकार किया है कि एक कुंतल गन्ने पर लागत 300 रूपए आती है। इस हिसाब से किसानों को 450 रूपए प्रति कुंतल गन्ना मूल्य भुगतान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो भी राजनीतिक दल किसानों की समस्याओं का समाधान करेगा किसान उसी का समर्थन करेंगे।
उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालयों पर संगठन के बैनर तले 12 जुलाई तक धरना जारी रहेगा तथा आगामी 14 जुलाई को लखनऊ में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। धरने के दौरान राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष चौ. सुखवीर सिंह, जिला महासचिव नवीन त्यागी, दिव्यांग त्यागी, जिला उपाध्यक्ष संदीप चौधरी, चरणसिंह प्रधान, नवाब प्रधान, विशु त्यागी, रविंद्र चौहान, देवेंद्र त्यागी, लोकेश राणा, खुशनूद खां, प्रताप सिंह, हर्ष त्यागी सहित भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।