डीएम व एसएसपी के निर्देशन में चलाया मॉस्क चैकिंग अभियान

- सहारनपुर में श्रीराम चौक पर मॉस्ट चैकिंग अभियान का जायजा लेते डीएम व एसएसपी।
सहारनपुर [24CN]। जनपद में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के चलते उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन ने कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के लिए कमर कस ली है। इसी कड़ी में आज जिलाधिकारी अखिलेश सिंह व एसएसपी डा. एस. चन्नपा ने महानगर के कोर्ट रोड, घंटाघर व श्रीराम चौक पर मॉस्क चैकिंग अभियान चलाकर स्वयं मॉस्क का निरीक्षण किया। गौरतलब है कि पूरे देश के साथ-साथ जनपद सहारनपुर में भी कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर ने अपने पांव पसार लिए हैं।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के चलते प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार की रात्रि 8 बजे से सोमवार की सुबह 7 बजे तक पूरे उत्तर प्रदेश में सम्पूर्ण लॉकडाउन रखकर गली-मौहल्लों को सेनेटाइज करने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही कोरोना संक्रमण बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए सभी से मॉस्क व दो गज दूरी का प्रयोग करने का आह्वान किया गया है। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि मॉस्क नहीं मिलने पर पहली बार 1 हजार रूपए व दूसरी बार बिना मास्क के मिलने पर 10 हजार रूपए जुर्माना लगाया जाए। साथ ही जिन थाना क्षेत्रों में बिना मॉस्क के मिलेंगे, उन थानाध्यक्षों को जिम्मेदार मानकर उनके खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में जिलाधिकारी अखिलेश सिंह व एसएसपी डा. एस. चन्नपा ने स्वयं कोर्ट रोड, घंटाघर चौक व श्रीराम चौक पर अपनी देखरेख में मॉस्ट चैकिंग अभियान चलवाया तथा बिना मॉस्क पाए जाने वाले लोगों के चालान काटे गए।
इस दौरान डीएम व एसएसपी ने मॉस्क की उपयोगिता बताते हुए मॉस्क लगाने के साथ-साथ दो गज की दूरी व साबुन से बार-बार हाथ धोने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा आज महानगर व जनपद के अनेक थाना क्षेत्रों के विभिन्न स्थानों पर मॉस्क चैकिंग अभियान चलाकर लोगों को मॉस्क लगाने के प्रति जागरूक किया गया तथा कई लोगों के चालान भी काटा गया। इस कार्रवाई के चलते लोगों में हडक़म्प मचा रहा।