संसदीय कार्य राज्यमंत्री जसवंत सैनी व लोक निर्माण राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह का किया जोरदार स्वागत

- सहारनपुर में नवनियुक्त राज्य मंत्रियों के स्वागत जुलूस का दृश्य।
सहारनपुर [24CN]। उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य व औद्योगिक विकास राज्य मंत्री तथा लोक निर्माण राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह का मंत्री बनने के बाद पहली बार सहारनपुर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा ऐतिहासिक स्वागत किया गया। दोनों मंत्रियों ने जन आशीर्वाद यात्रा निकालकर जुलूस के रूप में कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अपने मंत्रिमंडल में उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष जसवंत सैनी को संसदीय कार्य व औद्योगिक विकास व देवबंद विधायक कुंवर बृजेश सिंह को लोक निर्माण विभाग का राज्यमंत्री बनाया गया।
दोनों राज्यमंत्री लखनऊ में अपना कार्यभार संभालने के बाद आज सुबह ट्रेन द्वारा सहारनपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे जहां विधायक मुकेश चौधरी, विधायक चौ. कीरत सिंह, विधायक राजीव गुम्बर व विधायक देवेंद्र निम, पूर्व विधायक जगपाल सिंह, पूर्व विधायक महावीर राणा, पूर्व विधायक लाजकृष्ण गांधी, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी व महानगर अध्यक्ष राकेश जैन के नेतृत्व में गगनभेदी नारों के बीच माल्यार्पण, अंग वस्त्र व पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। तत्पश्चात दोनों राज्य मंत्रियों का काफिला जुलूस के रूप में घंटाघर, कोर्ट रोड होते हुए सिविल लाइन्स तिराहे पर पहुंचा, जहां से लोक निर्माण राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह का काफिला जैन कालेज रोड होते हुए उनके पैतृक गांव जड़ौदा जट के लिए रवाना हो गया। जबकि संसदीय कार्य व औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सैनी का काफिला हसनपुर, छिदबना तिराहा, जंधेड़ा समसपुर, नंदपुर होते हुए रामपुर मनिहारान पहुंचा।
रामपुर मनिहारान कस्बे के दिल्ली रोड पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य सतीश सिंघल, देवबंद रोड पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष प्रवीण सैनी व वरिष्ठ भाजपा नेता सचिन धीमान तथा देवबंद रोड फाटक पर भाजपा नेता व पूर्व ब्लाक प्रमुख चौ. नक्षत्र पंवार के नेतृत्व में भाजपाइयों ने राज्यमंत्री जसवंत सैनी का माल्यार्पण कर भव्य स्वगात किया। इसके बाद राज्यमंत्री जसवंत सैनी का काफिला देवबंद रोड स्थित उनके आवास पर पहुंचा। स्वागत कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि भाजपा हाईकमान ने जसवंत सैनी को राज्यमंत्री बनाकर रामपुर मनिहारान विधानसभा की जनता को सम्मान देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जसवंत सैनी के राज्यमंत्री बनने से क्षेत्र का इसका पूरा लाभ मिलेगा।
राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि भाजपा हाईकमान ने जिस उम्मीद व विश्वास के साथ उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल कर राज्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वह पूरी तरह खरा उतरने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो राष्ट्रवाद व मुद्दों पर आधारित राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सबका साथ-सबका विकास व सबका विश्वास के मूल मंत्र के आधार पर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का पात्र लोगों तक बिना किसी भेदभाव के लाभ पहुंचाने का काम किया जाएगा ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मिशन को पूरा किया जा सके।
इस दौरान भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष प्रवीण सैनी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह राणा, सचिन धीमान, पूर्व जिला महामंत्री प्रमोद कौशिक, अनिल मनचंदा, दीपक सैनी, सभासद अरविंद धीमान, अनिल शर्मा, कृष्ण चंद सैनी, सतीश सिंघल, सभासद संदीप सैनी, सभासद प्रतिनिधि अमित सैनी समेत भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।