मेरठ: पुलिस पर अभद्र टिप्पणी करना पड़ा भारी, भाजपा नेता समेत दो के खिलाफ मुकदमा, गनर भी छिना

मेरठ उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर मुखिया गुर्जर के खिलाफ केस दर्ज होने के मामले में पुलिस पर अभद्र टिप्पणी करना भाजपा नेता अजय भराला को भारी पड़ गया। अजय भराला समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के अलावा अजय भराला का गनर भी छीन लिया गया है।

पुलिस के अनुसार जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंदर सिंह के पिता मुखिया गुर्जर ने रविवार को लॉकडाउन का उल्लंघन किया था। मुखिया गुर्जर ने पुलिस को अनपढ़ और खुद को प्रथम नागरिक बताया था। जिसके बाद मुखिया गुर्जर के खिलाफ सिविल लाइन थाने में मुकदमा पंजीकृत हुआ था। इस मामले में सोशल मीडिया पर भाजपा नेता अजय भराला ने पुलिस के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए टिप्पणी की थी। जिस पर कई लोगों ने कमेंट भी किए। यह मामला सोमवार को पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा। जिसके बाद भाजपा नेता अजय भराला और अनिल चौधरी के खिलाफ इंचौली थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। एसएसपी के निर्देश पर भाजपा नेता अजय भराला का गनर भी वापस ले लिया गया।

एएसपी अखिलेश भदौरिया का कहना है कि अजय भराला समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामले की जांच साइबर सेल से कराई जाएगी। पुलिस सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ टिप्पणी करने वालों की भी जांच कर रही है। इस मामले में जो भी पुलिस के खिलाफ टिप्पणी करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।


विडियों समाचार