लखनऊ। भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में पांचवें दीपोत्सव 2021 पर फिर त्रेतायुग जीवंत हो उठा। ज्यों ही हेलीकाप्टर (पुष्पक विमान) से राम कथा पार्क में भगवान श्री राम, मां सीता और भाई लक्ष्मण उतरे तो खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने अपने कैबिनेट के सहयोगियों के साथ भगवान के स्वरूप की अगवानी की। हेलीकॉप्टर से तीन राउंड पुष्पवर्षा हुई तो जय जय श्रीराम के नारों से अयोध्या गुंजायमान हो उठी। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने दीपोत्सव पर अयोध्या नगरी में 12 लाख दीये जलाए गए। दीपोत्सव को देखने के लिए ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ की एक टीम अयोध्या में है। विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए मिट्टी के एक दीए को कम से कम पांच मिनट तक जलाना होगा। रामकी पैड़ी के 32 घाटों पर दीपों को प्रज्जवलित करने के काम में 12 हजार स्वयंसेवी लगे थे। रामनगरी के अन्य पौराणिक स्थलों एवं मंदिरों पर तीन लाख दीप जलाए गए हैं।

jagran

अयोध्या में पांचवां दीपोत्सव 2021 Live Update…

होली तक देंगे मुफ्त राशन : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सप्तपुरी की तर्ज पर अयोध्या का समग्र विकास हो, यह पीएम मोदी की सोच है। भव्य मंदिर के साथ अयोध्या देश दुनिया की सबसे अच्छी नगरी होगी। राम की मर्यादा सबको जोड़ने की है। पीएम अन्न योजना का विस्तार करते हुए सीएम योगी ने होली तक योजना चलाने की बात कही। पीएम ने मई से लेकर नवंबर तक योजना चलाई थी। अब प्रदेश सर्कात इस योजना को होली तक ले जाएगी। 35 किलो राशन दिसंबर जनवरी फरवरी व मार्च फ्री में देंगे। साथ ही गेंहू चावल, दाल, तेल व नमक भी देंगे। पात्र गृहस्थी को पांच किलो खाद्यान्न, एक किलो तेल व एक किलो दाल व एक किलो नमक फ्री में देंगे। अंत्योदय कार्ड धारक को हर महीने चीनी भी मिलेगी। 15 करोड़ लोग हर महीने इसका लाभ लेंगे। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा है श्रीराम की मर्यादा के अनुरूप धैर्य, जिससे हमें सफलता मिली है। 2019 के कार्यक्रम में भी मैंने यही अनुरोध किया था कि धैर्य के साथ इंतजार करिये, अयोध्या में वह सब होगा जो आपकी भावनाएं हैं। पहले लोग बोलते थे, परिंदा भी पर नहीं मार सकता था। 31 साल पहले हुआ था, वह मंजर कोई रामभक्त और कोई अयोध्यावासी उसे कभी भूल नहीं सकता है।

jagran

पहले ‘कब्रिस्तान’ की सीमाओं पर पैसा खर्च होता था अब मंदिरों के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण पर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विगत साढ़े सात वर्षों के दौरान सबको आवास शौचालय, बिजली कनेक्शन फ्री, गैस सिलेंडर फ्री में मिल रहा है। डेढ़ वर्ष से अधिक समय से कोरोना महामारी के दौरान फ्री टेस्ट, फ्री उपचार व राशन और फ्री वैक्सीन पीएम मोदी ने दिया है। अयोध्या से हम अंत:करण से जुड़े हैं। उत्साह से लबरेज सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या एक नई सांस्कृतिक नगरी के रुप में विश्व में छाई है। 2023 तक मंदिर का निर्माण होना है। कोई बाधक नहीं आ सकती, क्योंकि मोदी है तो मुमकिन है। 500 तीर्थ स्थलों व मंदिरों के विकास में 300 मंदिरों का विकास हो चुका है। पहले यह पैसा कब्रिस्तान पर खर्च होता था।

jagran

अब रामभक्तों व कृष्णभक्तों पर होगी पुष्पों की वर्षा : सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 30 अक्टूबर और 2 नवंबर 1990 को रामभक्तों पर बर्बर तरीके से गोलियां चलाई गईं थीं। बर्बर लाठीचार्ज हो रहा था। तब ‘जय श्रीराम’ बोलना अपराध माना जा रहा था। जो लोग 31 साल पहले रामभक्तों पर गोलियां चला रहे थे, वो आपकी ताकत और लोकतंत्र की ताकत के आगे झुके हैं। अब लगता है कि अगर कुछ और वर्ष आप इसी तरीके से ले चले, तो अगली कारसेवा के लिए वो और उनका पूरा खानदान लाइन में लगा होगा। आप देखना कि अगर अगली कारसेवा होगी, तो गोली नहीं चलेगी। रामभक्तों व कृष्णभक्तों पर पुष्पों की वर्षा होगी। यही लोकतंत्र की ताकत है।

‘योगी जी एक काम करो, मंदिर का निर्माण करो’ : सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पांच वर्ष पहले अयोध्या में दीपोत्सव की चर्चा सामने आई थी, तो अयोध्या में ही आज के दिन ये आयोजन नहीं हो रहा था। हमारी सरकार ने तय किया कि अगर अयोध्या को उसकी नई पहचान दीपोत्सव कार्यक्रम से माध्यम से दिलवानी है। मुझे याद है कि 2017, 2018, 2019 में भी एक ही नारा गूंज रहा था- ‘योगी जी एक काम करो, मंदिर का निर्माण करो।’ मैं तब भी कह रहा था कि मंदिर निर्माण के लिए आधारशिला तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि 31 साल पहले अयोध्या में क्या हो रहा था।

jagran

दुनिया का सबसे बड़ा पर्यटन शहर बनेगा अयोध्या : केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि मैं इस दीपोत्सव कार्यक्रम के आयोजन के लिए योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देना चाहता हूं। एक अद्भुत राम मंदिर निर्माणाधीन है और जल्द ही पूरा हो जाएगा, जहां दुनिया भर से करोड़ों लोग आएंगे। वर्ष 2030 तक अयोध्या दुनिया का सबसे बड़ा पर्यटन शहर होगा।

-डिप्टी सीएम ने तीन मार्ग बनाने का दिया आश्वासन : पांचवें दीपोत्सव को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि दीपोत्सव की महज कल्पना की जा सकती थी, लेकिन भाजपा सरकार ने यह साकार किया। डबल इंजन की सरकार के चलते रामलला का भव्य मंदिर बन रहा है। भाजपा सदा राम की भक्त रही है। उन्होंने व्यंग कसा कि कोई जनेऊ दिखा रहा है तो कोई मंदिर जा रहा है। डिप्टी सीएम ने रामजन्म भूमि की ओर जाने वाले तीन मार्ग स्व. अशोक सिंघल व बलिदानी कारसेवक व पूर्व मुख्यमन्त्री कल्याण सिंह के नाम पर बनाने की घोषणा की। पर्यटन मंत्री नीलकंठ तिवारी ने कहा कि अयोध्या की भव्यता पूरे विश्व में व्याप्त हो चुकी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि 70 वर्ष से देश का अपमान कितना हुआ यह आप देख रहे हो। लोग चंदन लगाने में डरते थे, मंदिर जाने से डरते थे। देश के अंदर आतंकवादियों व नक्सलवादियों ने राज किया। जिन्ना की प्रशंसा पर अखिलेश को घेरा।

प्रभु राम माता जानकी व लक्ष्मण का राज तिलक : राम कथा पार्क से विशेष रथ से राम दरबार के सभी स्वरूप मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मंच स्थल पर पहुंचे। वहां पर सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रभारी मंत्री नीलकंठ तिवारी, जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह, विहिप के दिनेश जी व तीन देशों के राजदूतों ने क्रमवार प्रभु राम माता जानकी व लक्ष्मण का राज तिलक किया। उसके बाद महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, विधायक वेदप्रकाश गुप्त, रामचंद्र यादव, गोरखनाथ बाबा, शोभा सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रोहित सिंह ने भगवान के स्वरूपों की पूजा अर्चना की।

हर साल नई ऊंचाइयों को छू रहा दीपोत्सव : केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम का निरीक्षण किया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम हर साल नई ऊंचाइयों को छू रहा है। भव्य राम मंदिर के निर्माण से यहां पर्यटन के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। यूपी सरकार भारत सरकार की सहायता से इस दिशा में काम कर रही है।

jagran

अयोध्या पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ : दीपोत्सव के अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ रामनगरी अयोध्या पहुंच गए हैं। दीपोत्सव लंका विजय के बाद श्रीराम के अयोध्या लौटने की स्मृति का महोल्लास है। यह उल्लास दीपावली के रूप में युगों से प्रवाहमान रहा है और 2017 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे मेगा इवेंट के रूप में नया तेवर-कलेवर प्रदान किया।

jagran

-सीएम योगी देंगे अयोध्या को सौगात : दीपोत्सव के अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ अयोध्या में 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। ये विकास परियोजनाएं लगभग 678.65 करोड़ की हैं। इसमें मार्ग, सीवर के साथ ही पेयजल पाइप लाइन व अन्य योजनाएं भी शामिल हैं।

jagran

लोक संस्कृति को जीवंत कर रहा दीपोत्सव : दीपोत्सव में उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, झारखंड, नोएडा, झांसी, नागपुर, पंजाब आदि राज्यों के करीब 1200 कलाकार लोक संस्कृति का प्रदर्शन कर रहे हैं। लखनऊ के करीब एक दर्जन कलाकार अवधी लोकनृत्य की प्रस्तुति दे रहे हैं। जयपुर का कालबेलिया नृत्य, पंजाब का भांगड़ा, बांदा का पाई डंडा, मथुरा का बम रसिया, झांसी का राई, सोनभद्र के मादल वादन के जरिये लोक संस्कृति की समृद्धि की झलक दिख रही है। हरियाणवी नृत्य, झारखंड का छाऊ नृत्य झांकियों को भव्यता दे रहा है।

jagran

त्रेतायुगीन प्रसंगों को जीवंत करने वाली झांकियां : उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा और प्रभारी मंत्री नीलकंठ तिवारी ने साकेत महाविद्यालय से दीप उत्सव शोभा यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। इसी के साथ अयोध्या में दीपोत्सव की धूम शुरू हो गई। साकेत महाविद्यालय से त्रेतायुगीन प्रसंगों को जीवंत करने वाली झांकियां निकलीं।

jagran

हरे रंग की रेशमी पोशाक में होंगे रामलला : दीपोत्सव पर रामलला हरे रंग की रेशमी पोशाक में होंगे। रामादल अध्यक्ष पं. कल्किराम ने रामलला के मुख्य अर्चक आचार्य सत्येंद्रदास को रामलला की पोशाक प्रदान की। वाराणसी के रूपेश सिंह ने दिग्गज कलाकार सुदर्शन पटनायक की परंपरा आगे बढ़ाते हुए दीपोत्सव की पूर्व संध्या को अविस्मरणीय बनाया। उन्होंने पुण्य सलिला सरयू की रेत से श्रीराम और भरत के मिलन का मनोहारी अंकन किया।

jagran

-राम मंदिर की नींव पर जलाए जाएंगे 51 हजार दीये : इस बार के दीपोत्सव में राम की पैड़ी पर दस लाख दो हजार दीप जलाए जाएंगे। राम की पैड़ी के अलावा राम मंदिर परिसर में भी ऐतिहासिक दीपोत्सव मनाने की तैयारी चल रही है। रामलला के वैकल्पिक गर्भगृह के अलावा निर्माणाधीन राम मंदिर परिसर का कोना-कोना दीपों के प्रकाश से आलोकित किया जाएगा। निर्माणाधीन राम मंदिर की नींव पर कतारबद्ध दीप सजाए जा रहे हैं। कुल एक लाख 22 हजार वर्ग फीट क्षेत्रफल में पंक्तिबद्ध दीप रखे गए हैं। राम मंदिर में अब तक 30 हजार दीपों को जलाने का लक्ष्य था, लेकिन योगी आदित्यनाथ के सुझाव पर इनकी संख्या 51 हजार कर दी गई है।

jagran

-आएंगे सीएम, केंद्रीय मंत्री व अन्य दिग्गज : रामनगरी में दिग्गजों का जमावड़ा होगा। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को सवा दो बजे रामनगरी पहुंचेंगे। वे रामकथा पार्क में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। भगवान राम, सीता व लक्ष्मण जी के स्वरूपों का माल्यार्पण और प्रतीकात्मक राज्याभिषेक करेंगे। साथ ही सभा को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद रामकी पैड़ी पर आयोजित दीपोत्सव में शामिल होने के लिए जाएंगे। दोनों कार्यक्रमों में केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा व केशवप्रसाद मौर्य भी शामिल होंगे। इससे पहले उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा साकेत महाविद्यालय से शोभा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती भी दीपोत्सव में शामिल होने के लिए आएंगी।

12 हजार स्वयंसेवी करेंगे दीपों को प्रज्जवलित : राम की पैड़ी परिसर में दीपों को बिछाए जाने का काम मंगलवार को देर रात तक पूरा किया जाता रहा। बुधवार को प्रथम बेला तक इन दीपों में तेल और बाती डाले जाने का अभियान शुरू होगा। सायं 4:45 बजे से दीपों का प्रज्जवलन शुरू होगा। रामकी पैड़ी के 32 घाटों पर दीपों को प्रज्जवलित करने के काम में 12 हजार स्वयंसेवी लगाए गए हैं। रामकी पैड़ी पर नौ लाख और रामनगरी के अन्य पौराणिक स्थलों एवं मंदिरों पर तीन लाख दीप जलाए जाएंगे।

-12 लाख मिट्टी के दीयों जगमग होगी रामनगरी : सीएम योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2017 में पहली बार दीपोत्सव का आयोजन किया था। दीपोत्सव की शुरुआत 51 हजार दीयों से हुई थी। इसी तरह 2018 में 3,01,152, वर्ष 2019 में 4,04,226 मिट्टी के दीये, वर्ष 2020 में 6,06,569 मिट्टी के दीये सरयू के तट पर जलाए गए थे। इस बार के दीपोत्सव में 12 लाख मिट्टी के दीये जलाए जाएंगे। सरयू के तट पर रामायण की गाथा को भी अमर बनाया जाएगा। साथ ही, ‘लेजर लाइट’ में भव्य रामायण का ‘हेरिटेज’ तरीके से शो दिखाया जाएगा।