shobhit University Gangoh
 

कंगना रनौत : जमाने भर से ‘पंगा’ लेती बॉलीवुड की ‘क्वीन’, अपने दम पर बनाई अलग पहचान

कंगना रनौत : जमाने भर से ‘पंगा’ लेती बॉलीवुड की ‘क्वीन’, अपने दम पर बनाई अलग पहचान

मुंबई  बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत एक बार फिर सुर्खियों में हैं। विभिन्न मामलों पर उनकी बेबाक टिप्पणियां और जमाने भर से टकराने का उनका हौसला देखकर कुछ लोग भले इसे राजनीति से जोड़ रहे हों, लेकिन अपने अभिनय के लिए तीन राष्ट्रीय पुरस्कार और चार फिल्म फेयर अवार्ड जीत चुकी बॉलीवुड की यह ‘क्वीन’ अपने करियर के शुरूआती दिनों से ही बॉलीवुड के दिग्गजों से ‘पंगा’ लेती रही हैं और उससे भी बहुत पहले वह बचपन से धारा के विपरीत बहते हुए अपना रास्ता बनाती रही हैं। 23 मार्च 1987 को हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक छोटे से कस्बे भांबला में जन्मी कंगना की परवरिश एक रूढ़िवादी संयुक्त परिवार में हुई। उनकी मां आशा रनौत एक स्कूल में शिक्षिका और पिता अमरदीप रनौत का अपना कारोबार।

कंगना की बड़ी बहन रंगोली और छोटा भाई अक्षत है। रंगोली पिछले कई बरस से बॉलीवुड में कंगना के साथ हैं और कई बार कंगना की टिप्पणियों पर आने वाली तल्ख प्रतिक्रियाओं का जवाब रंगोली ही देती रही हैं। विद्रोही स्वभाव की कंगना को लीक से बंधना कभी रास नहीं आया। बचपन में उनके छोटे भाई को खिलौना बंदूक और उसे गुड़िया दी जाती तो वह न सिर्फ उसे लेने से इंकार कर देती थीं, बल्कि इस भेदभाव का पुरजोर विरोध भी करती थीं। उन्हें अपनी मर्जी के कपड़े पहनना और अपने हिसाब से जीना पसंद था। कंगना ने विरोध के अपने इस गुण को फिल्मी दुनिया में रहते हुए भी बचाए रखा और तमाम तरह के भेदभाव के खिलाफ खड़ी नजर आईं। फिर चाहे वह पुरुष साथी कलाकारों से कम मेहनताना मिलने का सवाल हो, #Metoo का विवाद हो या फिर फिल्म नगरी में भाई भतीजावाद का मुद्दा, कंगना ने हर बार बड़े पुरजोर तरीके से अपनी बात रखी और उस पर डटी रहीं।

Jamia Tibbia