आईआईए को बनाया जाएगा अंतर्राष्ट्रीय स्तर का संगठन: अग्रवाल

आईआईए को बनाया जाएगा अंतर्राष्ट्रीय स्तर का संगठन: अग्रवाल
  • सहारनपुर में आईआईए की बैठक को सम्बोधित करते राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल।

सहारनपुर [24CN]। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल ने कहा कि उनका लक्ष्य आईआईए को राष्ट्रीय स्तर से ऊपर उठाकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर का संगठन बनाना है।

आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल आज यहां दिल्ली रोड स्थित एक होटल के सभागार में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सहारनपुर चैप्टर पूरे प्रदेशों से सबसे सक्रिय चैप्टर है। संस्था के जिस सदस्य की उद्योगों से सम्बंधित कोई भी समस्या होगी, उसका निस्तारण कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल में भी आईआईए के 10 चैप्टर खोलने का लक्ष्य है जिसे सभी उद्यमियों के सहयोग से पूरा किया जाएगा।

पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व चुनाव प्रभारी प्रवीण सडाना ने कहा कि आईआईए सहारनपुर चैप्टर से दो सीटों पर रामजी सुनेजा व प्रमोद मिगलानी को 3 वर्षों के लिए सीईसी के सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है। सहारनपुर चैप्टर को सीईसी की जो दूसरी सीट मिली है, वह सहारनपुर चैप्टर टीम के कठिन परिश्रम व कुशल कार्यशैली की वजह से ही संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में सहारनपुर चैप्टर कानपुर के बाद संख्या बल में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

चैप्टर चेयरमैन प्रमोद सडाना ने कहा कि संस्था का जो भी सदस्य डिफेंस में अपने उत्पाद सप्लाई करना चाहता है तो वह डिफेंस का वैंडर बन सकता है। उन्होंने कहा कि उद्योगों से सम्बंधित समस्याओं को जिला उद्योग बंधु व मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक में रखकर उनका समाधान कराने का काम किया जाएगा।

बैठक को पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामजी सुनेजा, सीईसी सदस्य प्रमोद मिगलानी, मंडलीय अध्यक्ष अशोक बजाज ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के. आर. सिंघल, राष्ट्रीय सचिव संजय बजाज, वरिष्ठ उपाध्यक्ष स. हरजीत सिंह, संजीव अरोड़ा, राजेश सपरा, सुनील सैनी, के. एल. अरोड़ा, अशोक गांधी, श्रीमती सुषमा बजाज, अनूप खन्ना, दर्शन गुप्ता, विनय दहूजा, संजीव सचदेवा, राजकुमार अरोरा, प्रेम क्वात्रा, कौशल शर्मा सहित भारी संख्या में उद्यमी मौजूद रहे।