जन कल्याण शिविर व स्वास्थ्य मेले में योजनाओं की दी जानकारी, बने आयुष्मान कार्ड
सहारनपुर। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास खंड बलियाखेड़ी कार्यालय परिसर में मंगलवार को जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई तथा ब्लॉक प्रमुख सोनिया देवी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभार्थियों से संवाद किया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान भारत कार्ड बनाए। वहीं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाकर स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया, जिसकी अतिथियों ने सराहना की। शिविर में बेसिक शिक्षा, पंचायत राज, बाल विकास, श्रम, कृषि, समाज कल्याण, पशुपालन, लघु सिंचाई तथा पीएम स्वनिधि योजना सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता देते हुए अनेक जनहितकारी योजनाएं संचालित की हैं। महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है तथा महिला सशक्तिकरण और रोजगार सृजन की दिशा में प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) योगेंद्र सिंह पुंडीर ने किया।
इस दौरान भाजपा पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ति्रयां, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एवं जानकारी उपलब्ध कराई गई।
