India Horoscope 2021: रोजगार, सुखी एवं समृद्धि देने वाला होगा 2021, जानें भारत के लिए कैसा रहेगा नया साल

India Horoscope 2021: कटु अनुभवों के साथ वर्ष 2020 अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। कोरोना महामारी ने भारत समेत पूरी दुनिया को प्रभावित किया। अब हम सब नए साल 2021 में नई उम्मीद के साथ नई शुरुआत करने के लिए उत्सुक हैं। हर व्यक्ति जानना चाहता है कि नया साल 2021 हमारे देश भारत के लिए कैसा रहेगा? रोजगार के अवसर कैसे रहेंगे? दुनिया में भारत की स्थिति कैसी होगी? कृषि कैसी होगी? आज जागरण अध्यात्म में इन सभी सवालों के जवाब जानते हैं ज्योतिषाचार्य चक्रपाणि भट्ट से।
कैसा रहेगा नया साल 2021?
अंक-ज्योतिष के अनुसार आगामी नववर्ष-2021 का पूर्णांक-5 है। यह अंक बुध-सूर्य के परस्पर अच्छे संबंध का द्योतक है। इस पांच अंक का नक्षत्र ग्रह बुध है, जो अपने गुण व स्वभाव से चंचल एवं अस्थिर होता है। आगामी नववर्ष 2021 में अनेक अस्थिरता के बावजूद जन-मानस में आतंक एवं भय की अपेक्षा आपसी मित्रता का भाव अधिक रहेगा। विशेषतः 5 अप्रैल के बाद इस आगामी वर्ष का सकारात्मक प्रभाव समाज पर स्पष्ट दृष्टिगत होगा। लोगों में बौद्धिकता की अधिकता होगी। बुध-सूर्य मित्र ग्रह होने के कारण सूर्य का प्रभाव प्रबल रहेगा, परिणामतः अप्रैल माह से कोरोना जैसी महामारी का आतंक समाप्तप्राय होगा।
नववर्ष 2021 में शुक्र कराएगा भारत की उन्नति
अंक ज्योतिष के अनुसार 01 जनवरी 2021 (जो वर्ष का प्रथम दिन है) का मूलांक-6 है, जो शुक्र ग्रह का द्योतक है। अतः वर्ष का प्रारम्भ शुक्रवार से हो रहा है। यह एक प्रभावशाली अंक है, जिसका देश की समुन्नति में सकारात्मक प्रभाव बना रहेगा। भारत की आर्थिक स्थिति 15 जून के बाद से अत्यन्त मज़बूत होगी। आगामी वर्ष में सूर्य-बुध-शुक्र की युति से बनने वाले त्रिपुष्कर योग के कारण भारत विकासशील देशों को उनकी तरक़्क़ी के लिए ऋण प्रदान करने की स्थिति में होगा। चूंकि बुध-शुक्र प्रगतिशील सौन्दर्य के अति पक्षधर ग्रह हैं, अतः आर्थिक दृष्टि से भारत में पर्यटन के क्षेत्र में प्रगति तीव्र होगी। इस आगामी वर्ष में विपरीत या नकारात्मक विचारधारा के व्यक्ति अथवा देश को प्रगति का अवसर नहीं मिलेगा।
2021 में ऐसे लोग होंगे सुखी एवं समृद्ध
अंक गणना के आधार पर वर्ष का अन्तिम दिन अर्थात्- 31 दिसम्बर 2021 (31-12-2021) का पूर्णांक-12 अर्थात् एकल अंक-3 आता है, जो वृहस्पति ग्रह का सूचक है। इस अंक का अंक-शास्त्र (ज्योतिष) में सर्वाधिक महत्वपूर्ण स्थान है। इस अंक को हम उस शक्ति का प्रारम्भ कह सकते हैं, जो 3 के अंक से लेकर 9 के अंक तक सभी अंकों में विद्यमान रहती है। अतः जिन व्यक्तियों के नाम अक्षरों का एकल अंक-3, 6, 9 होगा, ऐसे लोग वर्ष के प्रारम्भिक तीन माह को छोड़कर शेष नौ माह तक सुखी एवं समृद्ध रहेंगे। अतः कुल मिलाकर आगामी नववर्ष 2021 का पूर्वार्ध अर्थात् 1 जनवरी से 31 मार्च तक का समय तो सामान्य रहेगा, किन्तु तत्पश्चात् देश-काल-परिस्थिति एवं जन-जीवन में प्रगतिशील परिवर्तन होंगे।
कृषि के लिए स्वर्णिम होगा वर्ष 2021
कृषि की दृष्टि से आगामी वर्ष-2021 स्वर्णिम रहेगा। उत्तम वर्षा एवं सुदृढ़ व्यवस्था के कारण कृषि-क्षेत्र में उत्पादन, वितरण और भण्डारण की स्थिति मज़बूत रहेगी। वर्ष के प्रारम्भ में वृहस्पति चूंकि मकर राशि में संचरित होकर नीचभंग योग बना रहा है, जिसके कारण स्वर्णधातु का बाज़ार चढ़ा रहेगा। किन्तु 31 मार्च-2021, बुधवार से स्थिर होकर नीचे की ओर आएगा।
चतुर्गुण योग से मिलेंगे रोजगार
कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि आगामी वर्ष-2021 विगत वर्ष-2020 की पीड़ा, अभाव एवं विषयुक्त व्याप्त महामारी के भयानक अनुभवों को भुलने के लिए बाध्य कर देगा। सूर्य-बुध-शुक्र-वृहस्पति के चतुर्गुण योग से आगामी वर्ष में लोगों को रोज़गार के नवीनतम अवसर प्राप्त होते रहेंगे। ग्रह-योग की सकारात्मकता के कारण महामारी या अन्य उपद्रवों से शान्ति रहेगी।
इन माह में प्राकृति आपदाओं का योग
अप्रैल माह के मध्य से मंगल ग्रह के प्रभावी होने के कारण भारत सहित विश्व के अनेक स्थानों पर मई से सितम्बर माह के मध्य समुद्री तूफ़ान, भूकंपादि का योग बन रहा है। अंक विश्लेषण के आधार पर यह तो निश्चित है कि भाग्यशाली 2021 वर्ष में भारतवर्ष एक अति स्वाभिमानी उन्नत देश बनकर विश्व के क्षितिज पर नक्षत्र के समान चमकेगा।