‘कब्र तक कांग्रेस में…’, इमरान मसूद का इशारों में इमरान प्रतापगढ़ी को दो टूक

‘कब्र तक कांग्रेस में…’, इमरान मसूद का इशारों में इमरान प्रतापगढ़ी को दो टूक

कांग्रेस के लोकसभा सांसद इमरान मसूद ने पार्टी के भीतर चल रही चर्चाओं के बीच बड़ा बयान दिया है. इमरान मसूद ने इशारों-इशारों में कांग्रेस के कुछ नेताओं पर निशाना साधते हुए साफ कहा कि वह कांग्रेस छोड़कर कहीं और जाने का रास्ता नहीं तलाश रहे हैं. उन्होंने कहा कि वह कब्र तक कांग्रेस में रहेंगे.

एबीपी न्यूज़ से खास बातचीत में इमरान मसूद ने कहा, मैं कांग्रेस के लिए बात कर रहा हूं. किसी व्यक्ति के लिए नहीं. उन्होंने कहा कि पार्टी में कई लोग अलग-अलग भूमिका निभाते हैं. इमरान मसूद ने उदाहरण देते हुए कहा जब बारात चलती है तो बहुत सारे लोग ढोल बजाने वाले होते हैं. बस ढोल बजाते हैं. भीड़ इकट्ठी करनी होती है. काम वही होगा जो पार्टी हित में होगा.

‘मैं पार्टी को दूं या सिर्फ पार्टी से लेता रहूं?’

इमरान मसूद ने कहा कि उनका कर्तव्य है कि वह पार्टी के लिए काम करें और पार्टी को अपना योगदान दें. उन्होंने कहा, “मेरा कर्तव्य बनता है कि मैं पार्टी को दूं. या सिर्फ पार्टी से ही लेता रहूं. साथ ही उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर कोई उनके खिलाफ हल्की टिप्पणी करेगा तो उसे उसी तरह के जवाब के लिए तैयार रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि आप हल्की टिप्पणी करेंगे तो हल्की बातों के लिए तैयार रहिए.

‘मैं कहीं और जाने का रास्ता नहीं ढूंढ रहा’

कांग्रेस सांसद इशारों इशारों में इमरान प्रतापगढ़ी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह किसी दूसरे राजनीतिक दल में जाने का रास्ता नहीं तलाश रहे हैं. उन्होंने दो टूक कहा, “मैं कहीं और जाने का रास्ता नहीं ढूंढ रहा हूं. मैं कब्र तक कांग्रेस में रहूंगा.” उन्होंने कुछ लोगों की ओर इशारा करते हुए कहा कि जो लोग इस तरह की बातें कर रहे हैं, उनकी बातों का कोई महत्व नहीं है.

सपा से गठबंधन और ‘मलाईदार सीटों पर होगी बात

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन की संभावनाओं और सीट बंटवारे को लेकर भी इमरान मसूद ने अपना रुख स्पष्ट किया. उन्होंने कहा कि गठबंधन में कांग्रेस को सिर्फ औपचारिक तौर पर सीटें नहीं चाहिए, बल्कि जीतने वाली और महत्वपूर्ण सीटों पर भी दावा होना चाहिए.

इमरान मसूद ने कहा समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में जीतने वाली सीटें लेंगे. सिर्फ छाज नहीं, मलाई भी चाहिए. उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस मलाईदार सीटें लेकर रहेगी. इमरान मसूद ने बताया कि उन्होंने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम को अपनी सभी बातें बता दी हैं.

शिवपाल यादव के बयान पर टिप्पणी से इनकार

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव से जुड़े सवाल पर इमरान मसूद ने टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा, शिवपाल यादव जी के बारे में क्या बात कहूं, बुजुर्ग आदमी हैं, छोड़ दीजिए.

Leave a Reply