नगर निगम अपना बकाया वसूल लें तो दे सकते हैं कर्मचारियों को एक साल का एडवांस वेतनः AAP
नई दिल्ली । आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता दुर्गेश पाठक ने कहा है कि भाजपा शासित नगर निगम दूसरे संस्थानों पर बकाया 1600 करोड़ रुपये वसूल लें तो सभी कर्मचारियों को एक साल की तनख्वाह एडवांस में दे सकते हैं। उत्तरी नगर निगम का आयकर विभाग, डीडीए, आवास विभाग और अन्य पर 1600 करोड़ रुपये बकाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित नगर निगम कर्मचारियों का वेतन रोक कर कौन सी राजनीति करना चाहते हैं? कर्मचारियों की जिंदगी से खेल कर दिल्ली सरकार को बदनाम क्यों करना चाहते हैं है? आम आदमी पार्टी एकजुटता के साथ प्रदर्शनकारियों के साथ खड़ी है और नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल को पूरा समर्थन देती है। पाठक ने पार्टी मुख्यालय में बृहस्पतिवार को प्रेसवार्ता को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 5 से 6 महीने से वेतन ना मिलने के कारण भाजपा शासित नगर निगमों के कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को 1 दिन की हड़ताल की। निगम के तमाम कर्मचारी सिविक सेंटर में हड़ताल पर बैठे। उन्होंने कहा कि पिछले 15 साल से नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी है। भाजपा ने नगर निगम को इस कदर कंगाल कर दिया है कि 6 महीने से कर्मचारियों को उनका वेतन नहीं मिल रहा है। कर्मचारियों को मजबूरन अपना हक पाने के लिए हड़ताल का सहारा लेना पड़ रहा है।
निगम के कर्मचारियों के साथ है आप
पाठक ने कहा कि निगम के तमाम कर्मचारियों के साथ आम आदमी पार्टी खड़ी है और कर्मचारियों के इस आंदोलन का आम आदमी पार्टी पूरी तरह से समर्थन करती है। पाठक ने कहा कि पूर्वी दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों ने भी वेतन न मिलने के कारण जल्द ही हड़ताल पर जाने का मन बना लिया है। बता दें कि निगम के कर्मचारी वेतन न मिलने को लेकर हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों के वेतन के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी और भाजपा के नेता एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
