उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य पूरी तरह हैं दुरूस्त: उप मुख्यमंत्री

उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य पूरी तरह हैं दुरूस्त: उप मुख्यमंत्री
सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक।

सपा सुप्रीमो ने डा. अम्बेडकर का अपमान कर किया है सर्वसमाज का अपमान: पाठक

सहारनपुर। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने बाबा साहब का अपमान कर सर्व समाज को अपमानित करने का काम किया है, जिसे समाज कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक आज सहारनपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने आए थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से अनौपचारिक वार्ता करते हुए कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह दुरुस्त हैं और रोगियों को समुचित उपचार व दवाइयां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सहारनपुर चिकित्सालय में अच्छी सेवा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त रखने के लिए सभी रिक्त पदों को भरने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में जिलास्तरीय अधिकारी मांग शासन को भेजें ताकि उन पर कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी चिकित्सालय स्वास्थ्य केद्रों पर समुचित उपचार दवाइयां मिल रही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सपा सुप्रीमों अखिलेश यादव ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि यह अपमान देश के सर्व समाज का अपमान है जिसे किसी भी दशा में सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी मानसिकता अत्यधिक गंभीर है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने संविधान की रचना कर देश को सर्वश्रेष्ठ संविधान दिया है। ऐसे में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने उन्हें अपने समकक्ष बताकर दलित समाज का ही नहीं बल्कि सर्वसमाज का अपमान किया है।

इससे पूर्व प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कस्बा सरसावा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया और मौजूद चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि रोगियों को अच्छी से अच्छी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।