कर्मचारी हित में पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करे सरकार: रूद्रसैन

सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव व पूर्व जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों को कर्मचारी व जनविरोधी बताते हुए सरकारी कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन व्यवस्था अविलम्ब बहाल किए जाने की मांग की।

सपा प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन ने आज यहां जारी एक बयान में कहा कि सरकारी कर्मचारी अपनी जिंदगी का अधिकांश समय अपने सरकारी दायित्व की पूर्ति में लगाता है तथा सेवानिवृत्त होने पर सरकारी कर्मचारियों को अपनी वृद्धावस्था में भरण-पोषण के लिए पेंशन देने का प्राविधान है। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन केंद्र सरकार द्वारा 2004 के बाद सरकारी नौकरियों में भर्ती होने वाले कर्मचारियों के लिए नई पेंशन व्यवस्था लागू की गई थी जो कर्मचारियों के हित में नहीं है क्योंकि नई पेंशन स्कीम शेयर बाजार पर आधारित है तथा इसमें सेवानिवृत्ति पर जीपीएफ भी नहीं मिलता है। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन व्यवस्था में कर्मचारियों के हित अधिक सुरक्षित है। इसलिए देश के कई राज्यों में पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने केंद्र व उत्तर सरकारा से कर्मचारियों के हितों के मद्देनजर नई पेंशन स्कीम के स्थान पर पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू किए जाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के मद्दे पर समाजवादी पार्टी कर्मचारियों के साथ है तथा किसी भी सूरत में सरकारी कर्मचारियों का शोषण बर्दाश्त नहीं करेगी तथा आवश्यकता पडऩे पर सड़क पर उतरकर आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी।

Jamia Tibbia