सहारनपुर महानगर क्रीड़ा भारती संस्था का संस्थापक दिवस धूमधाम से आयोजित
- सहारनपुर में स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कृत खिलाड़ी।
सहारनपुर। हनुमान जन्मोत्सव दिवस जिसको क्रीड़ा भारती अपने स्थापना दिवस के रूप में मनाता है, के अंतर्गत दो दिवसीय 2 और 3 अप्रैल को सहारनपुर के डा भीमराव अंबेडकर स्टेडियम पर परंपरागत खेलों (कुश्ती व कबड्डी) आदि की प्रतियोगिताएण्ं आयोजित कर एवं विभिन्न अन्य खेलों के उत्कृष्ट पदक विजेता खिलाड़ियों को नगद धनराशि एवं अन्य विशेष उपहारों के साथ सम्मानित कर मनाया गया।
आयोजन का शुभारंभ सहारनपुर क्रीड़ा भारती के महानगर अध्यक्ष डॉ अशोक गुप्ता, मुख्य अतिथि प्रमुख उद्योगपति समाजसेवी शिवकुमार राणा, रविंद्र शर्मा विशिष्ट अतिथि यशपाल सिंह पुंडीर, दीपक गुप्ता, भावना तोमर एवं पार्षद संजय गर्ग के द्वारा महाबली हनुमान जी की प्रतिमा को सिंदूर लगाकर, पुष्प, पुष्प माला अर्पित के साथ दीप प्रज्वालित कर किया गया। तत्पश्चात उपस्थित सैकड़ो खिलाड़ियों के द्वारा हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और फिर प्रशाद वितरण किया गया। उसके बाद कुश्ती खेल प्रशिक्षक आदेश कुमार के नेतृत्व में कुश्ती खेल की प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ, जिसमें अलग-अलग 10 भार वर्गों में भाग लेकर खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त किए। एथलेटिक्स (महिला) के 400 मीटर, 800 मीटर खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त किये। इस अवसर पर कुश्ती की कुछ महिला खिलाड़ी जो प्रदेश में पदक अर्जित कर कर लौटी थी, उनका भी स्वागत कर उपहार भेंट किए गए।
