भारतीय किसान यूनियन वर्मा का किया गठन, भगतसिंह वर्मा होंगे राष्ट्रीय संयोजक

भारतीय किसान यूनियन वर्मा का किया गठन, भगतसिंह वर्मा होंगे राष्ट्रीय संयोजक
  • सहारनपुर में भारतीय किसान यूनियन वर्मा के नवनियुक्त पदाधिकारी।

सहारनपुर [24CN]। पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा ने किसानों की समस्याओं के विरोध में मजबूती के साथ लड़ाई लडऩे के लिए भारतीय किसान यूनियन वर्मा का गठन करने की घोषणा की।

भाकियू वर्मा पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के विंग के रूप में काम करेगा। पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा व नवगठित भारतीय किसान यूनियन वर्मा के राष्ट्रीय संयोजक भगतसिंह वर्मा ने आज यहां सर्किट हाऊस रोड स्थित एक सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि पश्चिम प्रदेश मोर्चा विगत दो दशक से पृथक पश्चिम प्रदेश की लड़ाई लडऩे का काम कर रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों को मिलाकर पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण की लड़ाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि कृषि प्रधान देश भारतवर्ष में आज अन्नदाता किसान कर्जमंद होकर आत्महत्या करने को मजबूर है। देश के अन्नदाता किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य मिलना तो दूर सरकार लागत मूल्य भी नहीं दिला पा रही है। जिस कारण देश का अन्नदाता किसान व देश बर्बादी के कगार पर है। उन्होंने कहा कि देश के किसानों को कर्जमुक्त कराने, शिक्षित बच्चों को सरकारी नौकरी दिलाने तथा किसान देश की उन्नति के लिए कृषि वैज्ञानिक डा. एम. एस. स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू कराने के साथ ही किसानों को एमएसपी दर दिलाने जैसी समस्याओं का समाधान कराने के लिए ही भाकियू वर्मा का गठन किया गया है जो देश के अन्नदाता किसानों की उन्नति व विकास के लिए ईमानदारी से लगातार संघर्ष करेगी।

श्री वर्मा ने बताया कि भाकियू वर्मा के राष्ट्रीय संयोजक भगतसिंह वर्मा व राष्ट्रीय सहसंयोजक रविंद्र चौधरी, राष्ट्रीय प्रवक्ता डा. अशोक मलिक को बनाया गया है। जबकि मौ. आसिम मलिक को प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एक सवाल के जवाब में श्री वर्मा ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर सहारनपुर में शीघ्र ही एक विशाल पंचायत का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान रविंद्र चौधरी, ठा. प्रमोद प्रधान, रविंद्र चौधरी, आसिम मलिक, डा. अशोक मलिक, सुशील धारकी, सुनील, सुरेंद्र सिंह एडवोकेट, जोगेंद्र सिंह, यतेंद्र पंवार, वीरेंद्र सिंह बिल्लू, भूपेंद्र चौधरी, डा. मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।