बढ़ते अपराधों के खिलाफ सपाइयों ने किया जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन

- सहारनपुर में जिलाधिकारी कार्यालय पर नारेबाजी करते सपा कार्यकर्ता।
सहारनपुर [24CN] । समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में बढ़ते अपराध, बच्चियों व महिलाओं के साथ हो रही बलात्कार की घटनाओं के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा राज्यपाल को सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर अपराधों पर अंकुश लगाए जाने की मांग की। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन के नेतृत्व में हकीकत नगर स्थित रामलीला मैदान में एकत्र हुए जहां से नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे जहां ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हत्या लूट, अपहरण व बलात्कार की घटनाएं रोज हो रही हैं, जिन पर प्रदेश की भाजपा सरकार नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में महिलाओं का सर्वाधिक उत्पीडऩ हो रहा है जिसे सपा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
सपा व्यापार सभा के प्रदेशाध्यक्ष व नगर विधायक संजय गर्ग ने कहा कि भाजपा शासन में महिलाओं के साथ वर्ष 2017 में 56011, 2018 में 59445 तथा 2019 में 59853 अपराध हुए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अपराध ब्यूरो की रिपोर्ट के अनुसार पूरे देश के सापेक्ष उत्तर प्रदेश में अपराधों की संख्या 14.3 प्रतिशत है जो पूरे देश में सर्वाधिक है। पूर्व मंत्री सरफराज खान ने कहा कि सबका साथ-सबका विकास का नारा देने वाली केंद्र व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। भाजपा शासन में विरोधी दलों के नेताओं का उत्पीडऩ किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी विफलता छिपाने के लिए भाजपा सरकार विरोधी दलों के नेताओं का दमन कर रही है। जिला उपाध्यक्ष सुहेल राणा व रामपुर मनिहारान विधानसभा प्रभारी जसवीर वाल्मीकि ने कहा कि भाजपा सरकार दलितों, वंचितों व समाज के कमजोर वर्गों के हितों की पूरी तरह अनदेखी कर रही है जिससे प्रदेश में संवैधानिक संकट की स्थिति पैदा हो गई है। प्रदर्शनकारियों में जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण बांदूखेड़ी, राव वजाहत, आकाश पंवार खटीक, ओमी पंवार, सहदेव गुर्जर, फैसल सलमानी, नवाब गुर्जर, मांगेराम कश्यप, मो. आजम शाह, अमित गुर्जर, गुलजार सलमानी, नदीम कुरैशी, सचिन भारद्वाज, कुलदीप यादव, तौफीक जग्गी, आकाश वर्मा, महजबी खान, हसीन कुरैशी, राजेश सैनी बड़कला, संदीप उर्फ अच्छन यादव, विशाल यादव, अफजाल खान, रतन यादव, देवेंद्र चौहान, वीरेंद्र तोमर, जमाल साबरी, मुस्तफा नवाजपुर आदि सैंकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे