एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर
सहारनपुर। पशुपालन विभाग के तत्वावधान में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। विकास भवन सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. एम. पी. सिंह ने विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. के. के. नागर, उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी (सदर) ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर डॉ. के.के. नागर और पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आलोक कुमार सहरावत (चिलकाना) ने बकरी पालन, मुर्गी पालन, भेड़ पालन और सूकर पालन सहित विभिन्न पशुपालन योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
साथ ही मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन योजना और मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालक प्रोत्साहन योजना के बारे में भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया। इसके अलावा पशुओं के रखरखाव, पोषण और बीमारियों से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मुख्यालय) डॉ. सुबोध कुमार गोयल ने पशुओं के टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि पशु चिकित्साधिकारी डॉ. गौरव तिवारी (सरसावा) ने कृत्रिम गर्भाधान की प्रक्रिया और उसके लाभों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान जनपद के सभी उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी, पशु मित्र एवं प्राइवेट कर्मचारी मौजूद रहे।
