नई दिल्ली। झारखंड में अवैध खनन मामले में ईडी ने कारोबारी प्रेम प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है। झारखंड में प्रेम प्रकाश कई ठिकानों पर बुधवार को ईडी ने छापेमारी की थी। कई घंटों तक चली छापेमारी में दो एके-47 बरामद की गई। रांची से गिरफ्तार प्रेम प्रकाश को कोर्ट में पेश किया जाएगा। ईडी अदालत से उसकी रिमांड मांगेगी।
प्रेम प्रकाश को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का करीबी बताया जाता है। प्रेम प्रकाश के अन्य कई नेताओं के साथ भी संबंध हैं। आरोप है कि उसने झारखंड के कई बड़े राजनेताओं व नौकरशाहों का कालाधन सफेद किया है। ईडी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा से पूछताछ के बाद प्रेम प्रकाश के ठिकानों पर छापेमारी की थी। ईडी ने 19 जुलाई को पंकज मिश्रा को मनी लांड्रिंग एक्ट तहत गिरफ्तार किया था।
दो एके-47 बरामद
ईडी ने प्रेम प्रकाश के घर में उसकी अलमारी से दो एके-47 रायफल बरामद की हैं। इसके अलावा उसके घर से 60 जिंदा कारतूस भी मिले थे। ईडी ने झारखंड, बिहार, दिल्ली और तमिलनाडु में छापेमारी की थी। ईडी को विदेशी नस्ल का कछुआ और करोड़ों के लेनदेन संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं।
#UPDATE | Enforcement Directorate (ED) has arrested Prem Prakash, the middle man whose premises were searched yesterday in Ranchi, Jharkhand. https://t.co/f3YpLX9iDu
एके-47 को लेकर रांची पुलिस का दावा
रांची पुलिस ने दावा किया कि एके-47 दो सुरक्षाकर्मियों को आवंटित किए गए थे। सुरक्षाकर्मियों ने ही रायफल को प्रेम प्रकाश के आवास पर रखा और अपने-अपने घर चले गए। दोनों सुरक्षाकर्मियों को लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
गिरफ्तारी पर क्या बोले ईडी अधिकारी?
ईडी के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि प्रेम प्रकाश को अवैध खनन, मनी लॉन्ड्रिंग और झारखंड प्रशासन, व्यापारियों और राजनेताओं के बीच संदिग्ध आपराधिक सांठगांठ में उनकी भूमिका के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।