छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया
छठ महापर्व के अवसर पर देहरादून और हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। भोर होते ही घाटों पर छठी मैया के गीत गूंजने लगे। व्रति परिवारों ने हाथों में पूजन सामग्री और डलिया लेकर विभिन्न घाटों की ओर रुख किया।
नेहरू कॉलोनी स्थित मिथिला छठ घाट और ब्रह्मपुरी छठ घाट समेत अन्य घाटों पर व्रती सुबह से पहले ही पहुंच गए थे। यहां श्रद्धालुओं ने जल में उतरकर पूजा-अर्चना की और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान घाटों पर छठी मैया के जयकारे गूंजते रहे।
लगभग 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखने वाले व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पूजा की और परिवार की सुख-शांति, संतान की लंबी आयु और समृद्धि की कामना की। इसके बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर निर्जला व्रत का पारण किया।
छठ पर्व को देखते हुए देहरादून और हरिद्वार में नदियों और विभिन्न जलाशयों पर व्यवस्थाएं की गई थीं। घाटों पर स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे। पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं को छठ का प्रसाद वितरित किया गया। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व का समापन पारंपरिक विधि-विधान और श्रद्धा के साथ हुआ।
