सम्पूर्ण लॉकडाउन के दौरान सडक़ों पर पसरा सन्नाटा, पुलिस ने दिखाई सख्ती

सम्पूर्ण लॉकडाउन के दौरान सडक़ों पर पसरा सन्नाटा, पुलिस ने दिखाई सख्ती
  • सहारनपुर में वीकैंड लॉकडाउन के दौरान बंद पड़ा बाजार।

सहारनपुर [24CN] । जनपद में शासन की गाइडलाइन के अनुरूप लागू किए गए सम्पूर्ण लॉकडाउन के पहले दिन बाजारों, सडक़ों व चौराहों पर सन्नाटा पसरा रहा। अनेक स्थानों पर लोगों द्वारा लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर पुलिस ने चालान काटकर मौके पर ही समन शुल्क वसूल किया।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिलाधिकारी अखिलेश सिंह द्वारा बीती रात्रि सात बजे से 60 घंटे का सम्पूर्ण लॉकडाउन लागू करने का आदेश जारी किया गया था जिसमें आवश्यक वस्तुओं को छोडक़र सभी तरह की दुकानों को बंद रखने के निर्देश जारी किए गए थे। जिलाधिकारी द्वारा लागू किए गए सम्पूर्ण लॉकडाउन के पहले दिन पुलिस द्वारा दिखाई गई सख्ती के चलते महानगर के सभी बाजार बंद रहे जिस कारण बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। जबकि विभिन्न चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा लॉकडाउन का उल्लंघन कर बिना मास्क व बेवजह सडक़ों पर घूमने वाले लोगों के चालान काटकर मौके पर ही समन शुल्क वसूल किया गया। सम्पूर्ण लॉकडाउन के दौरान नगर निगम द्वारा महानगर के सभी 70 वार्डों में सघन सफाई अभियान चलाकर सभी वार्डों को सेनेटाइज किया गया ताकि कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम की जा सके।

इसके अलावा कस्बा मिर्जापुर, बेहट, कलसिया, छुटमलपुर, बिहारीगढ़, सुंदरपुर, गागलहेड़ी, नागल, खेड़ा मुगल, देवबंद, बडग़ांव, रामपुर मनिहारान, नानौता, तीतरो, गंगोह, इस्लामनगर, नकुड़, सरसावा, चिलकाना में भी सम्पूर्ण लॉकडाउन के दौरान बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। पुलिस द्वारा क्षेत्र में भ्रमण कर सम्पूर्ण लॉकडाउन का सख्ती के साथ पालन कराया तथा बिना मास्क व बेवजह सडक़ों पर घूमने वाले लोगों के चालान काटकर मौके पर ही समन शुल्क वसूल किया गया।