शिकार के लिए छोड़े खूंखार कुत्तों ने महिला को नोच डाला, मौके पर मौत

- सहारनपुर में बिहारीगढ़ पुलिस द्वारा दबोचे गए शिकारी।
बिहारीगढ़। थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के ग्राम सतपुरा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शिकार के इरादे से लाए गए खूंखार कुत्तों ने एक महिला को जंगल में नोच-नोच कर मार डाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सतपुरा निवासी अमित कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी मां श्रीमती तारा 22 जुलाई को दोपहर करीब 3 बजे जंगल से घास काटकर लौट रही थी। इसी दौरान जंगल में मौजूद चार शिकारी अपने दो खतरनाक शिकारी कुत्तों के साथ वहां पहुंचे। दोनों कुत्तों ने श्रीमती तारा पर हमला कर दिया और बुरी तरह घायल कर दिया जिसके चलते तारा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जावेद खान के नेतृत्व में थाना बिहारीगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आरोपियों के साथ मौजूद दोनों खूंखार शिकारी कुत्तों को भी कब्जे में लेकर वन विभाग को सौंप दिया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बिलास पुत्र विक्रम, लक्की उर्फ लकी पुत्र गंगाराम, नीरज पुत्र लक्ष्मण एवं टिंकू पुत्र किशन निवासीगणनिवासी मोथरावाला बंजारा बस्ती (सपेरा बस्ती), थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून (उत्तराखंड) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना बिहारीगढ़ पर मु.अ.सं. 73/2025, धारा 106(1)ध्291 बीएनएस व 9/51 वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मुकदमा दर्ज जेल भेज दिया।