महिला लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए- जिलाधिकारीे

- जिलाधिकारी श्री अखिलेश सिंह ने कहा मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत सभी कार्यालयों में महिला हैल्प डेस्क की स्थापना कर लें।
सहारनपुर [24CN] । उन्होंने कहा कि महिला कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं के सम्बन्ध में व्यापक जानकारी दी जाए तथा महिला लाभर्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला अथवा बालिका को चिन्हित कर सम्मानित किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों से समन्वय स्थापित कर महिलाओं को जागरूक करने के साथ ही सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए।
श्री अखिलेश सिंह आज यहां कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों की कार्ययोजना पर चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आॅनलाईन कक्षाओं के दौरान छात्रों को महिला सशक्तिकरण, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन की जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज कराने वाली महिलाओं की कहानियों एवं स्मरणों की भी जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूह के माध्यम से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाये जाये।
जिलाधिकारी ने कहा कि खण्ड विकास स्तर पर महिला प्रगतिशील किसानों की गोष्ठि आयोजित कराकर, उन्हें सम्मानित भी कराया जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। महिला किसानों को किस प्रकार योजनाओं का लाभ मिल सकता है, यदि संभव हो तो गोष्ठि में ही औपचारिकता पूरी की जाए। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला वरासत के सभी प्रकरणों को अभियान चलाकर पूरा किया जाए। पति की मृत्यु के उपरांत उनकी पत्नी का नाम वरासत के रूप में दर्ज कराया जाए।
श्री अखिलेश सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने यहां आयोजित कार्यक्रमों की सम्पूर्ण जानकारी जिला प्रोबेशन अधिकारी तथा कार्यक्रम के नोडल अधिकारी को भी उपलब्ध कराते रहें। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री एस.बी.सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री विनोद कुमार, परियोजना निदेशक श्री दुष्यंत कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक श्री रामजतन मिश्र, सहायक निदेशक सूचना श्री अवधेश कुमार , जिला विद्यालय निरीक्षक श्री अरूण कुमार दूबे, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री रामेन्द्र सिंह, जिला आपूर्ति अधिकारी सतीश कुमार मिश्रा, जिला विकास अधिकारी श्री मंशा राम यादव, समाज कल्याण अधिकारी श्री अनांद कुमार तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री पुष्पेन्द्र कुमार सिंह सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।