हृदय गति रूकने से लोकतंत्र सेनानी का निधन

रामपुर मनिहारान [24CN]। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व लोकतंत्र सेनानी सतीश शर्मा का हृदयगति रूकने से निधन हो गया। आज दोपहर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार रामपुर मनिहारान के शमशान घाट में किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार कस्बा रामपुर मनिहारान के मौहल्ला कायस्थान निवासी भाजपा के पूर्व नगराध्यक्ष व लोकतंत्र सेनानी सतीश शर्मा का बीती रात्रि हृदयगति रूकने से निधन हो गया। सतीश शर्मा के निधन की सूचना मिलते ही कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक व व्यापारिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।

आज दोपहर बाद कस्बे के शमशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इससे पूर्व उपजिलाधिकारी संगीता राघव व सीओ अरविंद सिंह पुंडीर, थाना प्रभारी विशाल कुमार श्रीवास्तव की मौजूदगी में पुलिस की सलामी गारद द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। जबकि भाजपा के पूर्व नगराध्यक्ष मनोज जैन व वरिष्ठ भाजपा नेता दुष्यंत कुमार मुन्ना ने सतीश शर्मा के शव पर भाजपा का झंडा ओढ़ाकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

अंतिम संस्कार के दौरान संसदीय, कार्य व औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सैनी, लोकतंत्र सेनानी परिषद के जिला संयोजक व पूर्व विधायक सुखवीर सिंह पुंडीर, पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर, भाजपा के पर्व जिलाध्यक्ष मेलाराम पंवार, पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी, पूर्व सभासद सपन जैन, लोकतंत्र सेनानी नरेंद्र पाल शर्मा, अनिल शर्मा समेत भारी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।