चिलचिलाती गर्मी में झुलसी दिल्ली; बिहार-राजस्थान समेत 10 राज्यों में ओलावृष्टि की चेतावनी

चिलचिलाती गर्मी में झुलसी दिल्ली; बिहार-राजस्थान समेत 10 राज्यों में ओलावृष्टि की चेतावनी

नई दिल्ली। सोमवार को लगातार दूसरे दिन दिल्ली वासियों को चिलचिलाती गर्मी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में लू चली तो कई जगह तापमान 46 डिग्री पार गया। दिल्ली का औसत तापमान भी सीजन का सबसे ज्यादा 43.7 डिग्री रहा। मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार को भी कमोबेश ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। अलबत्ता बुधवार से कुछ राहत मिलने के आसार हैं।

सोमवार को दिन भर खिली रही तीखी धूप के बीच दिल्ली का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सर्वाधिक है। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह भी इस सीजन का सर्वाधिक है। मतलब, सोमवार का दिन इस सीजन में अभी तक का सबसे गर्म दिन रहा। नजफगढ़ एवं स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, यह दोनों ही इलाके राजधानी में सबसे गर्म रहे।

सात जगहों पर लू की स्थिति

मौसम विभाग की तकनीकी भाषा में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा या 45 डिग्री पार रहने पर उसे लू जैसी स्थिति मानी जाती है। इसके अनुसार सोमवार को दिल्ली के 12 में से सात इलाकों में लू के हालात रहे। इन जगहों पर लोगों को तेज धूप एवं गर्म हवा के थपेड़ों का सामना करना पड़ा।

उत्तर पश्चिमी हवाओं ने बढ़ाई गर्मी

दिल्ली में इस समय उत्तर पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। यह हवा गर्म इलाकों से आ रही है। इसी के चलते लोगों को तपिश भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम पूर्वानुमान केंद्र के निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि आसमान में बादल नहीं हैं और तेज धूप होने जैसे कारकों के साथ मिलने के चलते लोगों को लू व गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

इलाका तापमान (डिग्री से. में)

नजफगढ़: 46.2

स्पोर्ट्स कांप्लेक्स: 46.2

नरेला: 45.2

पीतमपुरा: 45.8

पूसा: 45.8

रिज: 44.9

जफरपुर: 44.9

बुधवार से राहत देगा पश्चिमी विक्षोभ

पश्चिमी विक्षोभ के चलते बुधवार से लोगों को तेज तपिश भरी गर्मी सेराहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को दिन के समय भी लोगों को खासी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 43 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। लेकिन, मंगलवार की रात से दिल्ली का मौसम बदलने वाला है। धूल भरी हवा के साथ हल्की वर्षा भी हो सकती है। फिर यह दौर लगातार कई दिन चलेगा।

दस राज्यों में ओलावृष्टि की चेतावनी

मौसम विभाग ने 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार व बुधवार को हिमाचल प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में बुधवार जबकि उत्तराखंड, राजस्थान व मध्य प्रदेश में बुधवार और बृहस्पतिवार को को ओलावृष्टि की संभावना है।

मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर पश्चिमी भारत के कई हिस्सों में गरज, बिजली चमकने और तेज हवाओं या तूफान के साथ वर्षा होने की संभावना है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भी बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ वर्षा हो सकती है। उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा होनेकी संभावना है। राजस्थान में मंगलवार को धूलभरी चल सकती है।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे