COVID-19 Vaccination in UP: उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ ने लगवाई कोव‍िड-19 वैक्सीन की पहली डोज

COVID-19 Vaccination in UP: उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ ने लगवाई कोव‍िड-19 वैक्सीन की पहली डोज

लखनऊ : वैश्‍व‍िक महामारी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रदेश सरकार वैक्‍सीनेशन के माध्‍यम से दो-दो हाथ करने में डटी हुई है। इसी कड़ी में सोमवार को मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल में नर्स रश्मि सिंह से कोविड-19 वैक्सीन की पहली डोज लगवाई है। टीका लगवाने के बाद मुख्‍यमंत्री ने कहा कि मैं टीका उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को धन्यवाद देता हूं। मैं देश के वैज्ञानिकों को भी धन्यवाद देता हूं। टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। अपनी बारी आने पर हम सभी को इसे अपनाना चाहिए।

इसके साथ ही मुख्‍यमंत्री ने अपील की है कि वैक्सीन लेने के बाद भी लोग सावधानियां बरतें। उन्‍होंने कहा कि कोव‍िड की लहर उपयुक्त व्यवहार को देखने में हमारी शालीनता का परिणाम है। टीकाकरण अभियान के तहत अब 8 अप्रैल से वृहद टीकाकरण अभियान शुरू होने वाला है।

इनसे पहले एक अप्रैल को सिविल अस्पताल में ही कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक के साथ उनकी पत्नी नम्रता पाठक, मुख्य सचिव आरके तिवारी तथा अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल ने पत्नी के साथ कोरोना वायरस वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। मुख्य सचिव के साथ उनकी पत्नी अर्चना तिवारी ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह भी स्वदेशी वैक्सीन की पहली डोज लगवा चुके हैं।

प्रदेश के अस्पताल भी हाई अलर्ट पर : कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सभी जगह पर मरीजों के साथ ही उनके तीमारदारों का भी कोविड टेस्ट अनिवार्य कर दिया गया है। लखनऊ में डॉ. राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज और किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में सभी चिकित्सकों का अवकाश रद कर दिया गया है।

लोहिया इंस्टीट्यूट में नई व्यवस्था: लोहिया इंस्टीट्यूट में आज से नई व्यवस्था लागू की गई है। यहां पर अब सभी की कोविड जांच को जरूरी कर दिया गया है। मरीज के साथ अब तीमारदार को भी कोविड टेस्ट करवाना होगा।

बिना मास्क आने पर कड़ी कार्रवाई: किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में बिना मास्क परिसर में आने पर कार्रवाई होगी। यहां पर बिना मास्क के किसी के भी पकड़े जाने पर उसको 200 रुपए का जुर्माना देना होगा। यह नियम डॉक्टर्स, नर्सेज, स्टाफ तथा रेजिडेंट पर भी लागू होगा। इसके साथ ही मरीज और उनके परिजनों पर भी यह नियम लागू होगा।

प्रदेश में 19738 एक्टिव मरीज: बता दें, यूपी में कोरोना से संक्रमित 4,164 नए रोगी मिले और 31 मरीजों की मौत हो गई। करीब सात महीने पहले सितंबर में जब संक्रमण अपने उफान पर था, तब एक दिन में लगभग इतने रोगी मिल रहे थे। 27 सितंबर, 2020 को 4,403 मरीज मिले थे। अभी तक एक दिन में रिकार्ड 7,103 मरीज 11 सितंबर, 2020 को मिले थे। अक्टूबर से लगातार रोगियों की संख्या में गिरावट दर्ज हो रही थी। तीन मार्च, 2021 को जब केवल 77 रोगी मिले तो लगा कि संक्रमण थम जाएगा, लेकिन उल्टा इसने तेज रफ्तार पकड़ ली है। अब संक्रमण की रफ्तार 54 गुना तक बढ़ गई है। वहीं, इससे पहले 15 अक्टूबर को एक दिन में 36 लोगों की मौत हुई थी। महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डाक्टर डीएस नेगी और उनके स्टाफ के दो सदस्य भी संक्रमित हो गए हैं।

सबसे ज्यादा मरीजों वाले पांच जिले

 जिला       –         रोगी

लखनऊ     –         6,283

वाराणसी     –        1,543

प्रयागराज    –        1,516

कानपुर        –          962

गौतम बुद्ध नगर  –     484

 

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे