shobhit University Gangoh
 

अमेरिका पहुंचा कोरोना वायरस, सिएटल में पहला मामला, डब्ल्यूएचओ ने बुलाई आपात बैठक

अमेरिका पहुंचा कोरोना वायरस, सिएटल में पहला मामला, डब्ल्यूएचओ ने बुलाई आपात बैठक

चीन में फैल रहा संक्रामक रोग कोरोना वायरस का संक्रमण अब संयुक्त राज्य अमेरिका तक पहुंच गया है। अमेरिका ने अपने यहां सिएटल में इससे संबंधित पहला मामला सामने आने की घोषणा की है। वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आज बैठक बुलाई है।

अमेरिकी स्वास्थ्य अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि चीन में फैले नए वायरस से जुड़ा एक मामला सामने आया है। संघीय एवं राज्य अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित की उम्र 30 से 35 साल के बीच है और वह वुहान से अमेरिका आया है।

हालांकि पीड़ित वुहान के सीफूड बाजार में नहीं गया था, जो कि इन दिनों कोरोना वायरस का केंद्र बना हुआ है। उन्होंने बताया कि व्यक्ति को एहतियात के तौर पर अस्पताल में भर्ती किया गया है। बता दें कि यह कोरोना वायरस चीन के वुहान शहर से शुरू होकर अब चीन से बाहर भी पहुंच रहा है।

हवाई अड्डों पर स्वास्थ्य जांच को और प्रभावी बनाया

अमेरिकी रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र के अधिकारियों ने कहा कि नए वायरस से जुड़ा मामला सामने आने के बाद चीन के वुहान से हवाई जहाज से अमेरिका आने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य जांच को और अधिक प्रभावी ढंग से अंजाम दिया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक वायरस से पीड़ित शख्स को वॉशिंगटन में क्षेत्रीय चिकित्सा केंद्र में रखा गया है।

पीड़ित वॉशिंगटन के स्नोहोमिश काउंटी का रहने वाला है। पीड़ित 15 जनवरी को सिएटल में टैकोमा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा था। इससे पहले नए वायरस को लेकर हवाई अड्डों पर कोई जांच शुरू नहीं हुई थी। उसे 19 जनवरी को चिकित्सा केंद्र में ले जाया गया।

इस बात की जांच कर रहे अधिकारी

अमेरिकी अधिकारी अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि पीड़ित चीन से अमेरिका तक के अपने सफर के दौरान किन-किन लोगों के संपर्क में रहा। क्या पीड़ित के कारण इस वायरस से कोई अन्य यात्री संक्रमित हुआ?

Jamia Tibbia