उर्वरकों की कमी के खिलाफ जिला मुख्यालय पर गरजे कांग्रेसजन, सौंपा ज्ञापन

- सहारनपुर में जिलाधिकारी कार्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन करते कांग्रेसजन।
सहारनपुर [24CN]। जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेसजनों ने किसानों को उर्वरकों की निर्बाध आपूर्ति की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा राज्यपाल को सम्बोधित ज्ञापन राज्यपाल को सौंपकर अविलम्ब उर्वरक की समस्या का समाधान कराने की मांग की। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली व महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर एकत्र हुए तथा मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली व महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकारों की किसान विरोधी नीतियों के चलते किसानों का हर स्तर पर शोषण हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने पहले ही राज्य सरकार को पत्र लिखकर यूरिया व डीएपी की कमी के संदर्भ में चेताने का काम किया था लेकिन सरकार और प्रशासन की लापरवाही के चलते आज उर्वरकों की आपूर्ति किसानों को रबी की बुआई के समय भी नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को राहत देने के लिए सरकार से अविलम्ब उर्वरकों की सुचारू आपूर्ति कराने की मांग की।
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य जावेद साबरी, प्रदेश सचिव प्रवीण चौधरी, किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मनिनवाल ने कहा कि बुआई से लेकर कृषि उत्पादों कंी बिक्री तक किसानों को समस्याओं से दो-चार होना पड़ता है जो भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों का एक सजीव उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बुआई के समय और बुआई के बाद देश के अन्नदाताओं को उर्वरकों की आपूर्ति, सिंचाई संसाधनों की सुविधा व कृषि उत्पादों का उचित मूल्य दिलाना केंद्र व प्रदेश सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है।
धरने को जिला उपाध्यक्ष अशोक सैनी, गणेश दत्त शर्मा, मनीष त्यागी, हरिओम मिश्रा, सोनू पठान, धर्मवीर जैन, धर्मपाल जोशी, इमरान कुरैशी, स. चंद्रजीत सिंह निक्कू, सतपाल बर्मन, सोमपाल कश्यप ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान नसीब खान, मधु सहगल, मोहित शर्मा, सौरभ भारद्वाज, सचिन वर्मा, इकराम खान, इसरार मलिक, इरशाद अहमद, राकेश वर्मा, आरिफ खान, नंदकिशोर, अंजय कुंदन, आजम अब्बासी, इरशाद, जाहिद खान आदि मौजूद रहे।