नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं। भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) के दौरान कांग्रेस ने आरएसएस (RSS) को लेकर एक ऐसा ट्वीट किया है, जिस पर विवाद हो गया है। दरअसल, कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से आरएसएस की ड्रेस की एक फोटो शेयर की है। इस ड्रेस में आग लगी हुई दिखाया गया है।
कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा, ‘देश को नफरत के माहौल से मुक्त करने और आरएसएस-भाजपा द्वारा किए गए नुकसान की भरपाई को पूरा करने के लिए हम कदम आगे बढ़ा रहे हैं।’
To free the country from shackles of hate and undo the damage done by BJP-RSS.
Step by step, we will reach our goal.#BharatJodoYatra 🇮🇳 pic.twitter.com/MuoDZuCHJ2
हमलावर हुई भाजपा
कांग्रेस के इस ट्वीट पर विवाद शुरू हो गया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने इस मुद्दे पर प्रेस वार्ता की है। उन्होंने कांग्रेस से अपने ट्वीट को तुरंत डिलीट करने की मांग की है। पात्रा ने सवाल किया कि राहुल गांधी, उनके पूरे परिवार और कांग्रेस को आग से इतना प्यार क्यों है।
आप देश में हिंसा चाहते हैं- संबित पात्रा
पात्रा ने कहा कि सिखों के 1984 के नरसंहार के दौरान पंजाब जला था। सिखों को मौत के घाट उतारा गया था। संबित ने कहा कि इस फोटो को ट्वीट कर राहुल गांधी क्या आप देश में हिंसा चाहते हैं? लोग एक दूसरे को आग लगा दें? आप क्या चाहते हैं, लोग ऐसे लोगों को आग लगा दें जो आरएसएस और भाजपा की विचारधारा को मानते हैं।
‘ये भारत तोड़ो आंदोलन’
संबित ने कहा कि ये ‘भारत जोड़ो आंदोलन’ नहीं ‘भारत तोड़ो आंदोलन’, ‘आग लगाओ आंदोलन’ है। भाजपा बहुत जिम्मेदारी से ये कहती है भारतीय संविधान में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है। कांग्रेस को इस ट्वीट को तुरंत डिलीट करना चाहिए।
कांग्रेस के ट्वीट पर संघ नेता डॉ मनमोहन वैद्य ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वे लोगों को नफरत से जोड़ना चाहते हैं। उनके पिता-दादा ने संघ का बहुत तिरस्कार किया और अपनी पूरी ताकत के साथ संघ को रोकने का प्रयास किया। मगर संघ रुका नहीं, संघ लगातार बढ़ रहा है।
केंद्रीय मंत्री का भी निशाना
वही, केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी 7 जन्म लेंगे तब भी आरएसएस की बराबरी नहीं कर पाएंगे। आरएसएस का एक-एक स्वयंसेवक भारत माता की वैभव के लिए जीता है। आरएसएस भारत के संस्कार और संस्कृति का ध्वज वाहक है। वे जितना जलेंगे संघ उतना ही सांस्कृतिक फैलाव करेगा।