चिराग पासवान शीघ्र ही करेंगे सहारनपुर का भ्रमण: पंवार

चिराग पासवान शीघ्र ही करेंगे सहारनपुर का भ्रमण: पंवार
  • सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष चौ. सौराज पंवार।

सहारनपुर [24CN]। लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व मेरठ मंडल प्रभारी चौ. सौराज पंवार ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव बड़ी मजबूती के साथ लडऩे का काम करेगी। उन्होंने कहा कि लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान स्वतंत्रता दिवस के बाद सहारनपुर का दौरा कर पार्टी संगठन की समीक्षा करेंगे।

प्रदेश उपाध्यक्ष व मेरठ मंडल प्रभारी चौ. सौराज पंवार आज यहां बेहट रोड पर लोजपा जिलाध्यक्ष करण सिंह गौतम के आवास पर पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश के गरीब, मजदूर, किसान व व्यापारियों के साथ शोषित व वंचित वर्ग को न्याय व अधिकार दिलाने के लिए ही पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. रामविलास पासवान ने लोक जनशक्ति पार्टी का गठन किया था तथा लोजपा के बैनर पर शोषित व पीडि़त समाज को उनके अधिकार दिलाने के लिए भरसक प्रयास किया। उन्होंने कहा कि लोजपा संस्थापक व पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने केंद्र सरकार में जिस-जिस मंत्रालय का कार्यभार संभाला, उसमें प्राथमिकता के आधार पर देश के दबे-कुचले व दलित व पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू करने का काम किया था। अब सांसद चिराग पासवान के नेतृत्व में लोजपा को पूरे देश में मजबूत करने का काम किया जा रहा है जिसके तहत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद चिराग पासवान विभिन्न राज्यों का भ्रमण कर पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की मुहिम में जुटे हैं।

इसी कड़ी में राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान उत्तर प्रदेश का दौरान करेंगे तथा स्वतंत्रता दिवस के बाद उनका सहारनपुर में भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। एक सवाल के जवाब में सौराज पंवार ने कहा कि लोजपा आगामी विधानसभा चुनाव मजबूती के साथ लड़ेगी। इसी सिलसिले में पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान का सहारनपुर दौरा निश्चित किया गया है जिसकी तिथि शीघ्र ही फाइनल कर दी जाएगी। वार्ता के दौरान लोजपा जिलाध्यक्ष करण सिंह गौतम, युवा लोजपा प्रदेशाध्यक्ष भीम सिंह, प्रदेश सचिव हरिओम पासवान भी मौजूद रहे।