मुख्य विकास अधिकारी ने किया कृष्णी नदी का सर्वेक्षण

- सहारनपुर में कृष्णी नदी का सर्वे करते मुख्य विकास अधिकारी।
सहारनपुर [24CN]। मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार ने जल शक्ति अभियान एवं कैच द रैन को सफल बनाने के लिए आज नगर के सीमा क्षेत्र दराली के तालाब और उसके आसपास व्यर्थ जल स्रोतों से निकलने वाली कृष्णी नदी के जनपद स्थित सम्पूर्ण अपवाह तंत्र का भ्रमण कर स्थिति की जानकारी ली।
मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार ने जल संरक्षण एवं पुनर्भरण एवं जल संचरण के अंतर्गत नदियों की सफाई, खुदाई एवं नदियों के जल को शुद्ध करने के लिए शामली जनपद की सीमा तक 100 किमी चैनेज का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान यह पाया गया कि नगरीय सीमा क्षेत्र के अंतर्गत एक नाले के रूप में आरम्भ हुई कृष्णी नदी धीरे-धीरे अपनी दूरी तय करते हुए चौड़ी, गहरी एवं जल से युक्त होती जा रही है। रामपुर मनिहारान विकास खंड की सीमा में आने वाली नदी के स्थानों पर यह पाया गया कि जलीय पौधों के कारण नदी के अनुकूल पारिस्थितिक तंत्र विकसित हो गया है। जागरूकता से इस नदी के स्वरूप को बचाया जा सकता है।
इसी कड़ी में मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार ने सहारनपुर नगरीय सीमा से मानकमऊ, ककराला, छिदबना, नन्हेड़ा गुर्जर, रामपुर मनिहारान, खटकाहेड़ी, जगरौली, सैपुर, गुडम्ब, ठस्का आदि ग्राम पंचायतों में भ्रमण कर कृष्णी नदी के पुनरोद्धार की कार्ययोजना बनाने के लिए जमीनी सर्वे किया। सर्वेक्षण के दौरान उपायुक्त मनरेगा, सहायक अभियंता लघु सिंचाई, सम्बंधित खंड विकास अधिकारी, ग्राम सचिव एवं तकनीकी सहायक मौजूद रहे।