किसान दिवस के रूप में मनाई जाएगी चौ. चरणसिंह की जयंती

किसान दिवस के रूप में मनाई जाएगी चौ. चरणसिंह की जयंती
  • सहारनपुर में जाट महासंघ की बैठक को सम्बोधित करते प्रदेशाध्यक्ष चौ. नीरपाल सिंह।

सहारनपुर [24CN] । अखिल भारतीय जाट महासंघ की प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में किसानों के मसीहा व पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरण सिंह की जयंती आगामी 23 दिसम्बर को किसान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। स्थानीय हकीकत नगर स्थित शिविर कार्यालय पर आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष चौ. नीरपाल सिंह ने कहा कि यदि आज चौ. चरणसिंह जीवित होते तो किसानों की दुर्दशा देखकर रो पड़ते। उन्होंने कहा कि आज देश का किसान न्याय मांगने के लिए सड़कों पर बैठा हुआ है और केंद्र की बहरी-गूंगी सरकार अन्नदाता किसान की बात सुनने को तैयार नहीं है। यह देश के किसानों का दुर्भाग्य है।

उन्होंने कहा कि जिन्होंने सत्ता हासिल करने के लिए किसानों के वोटों का इस्तेमाल करके बहुमत में सत्ता हासिल की। उसके बाद पीछे मुड़कर भी नहीं देखा कि देश के किसानों व बेरोजगार नौजवानों का क्या हाल है। महासंघ के जिलाध्यक्ष चौ. अरविंद मलिक ने कहा कि हमने कभी सपने भी नहीं सोचा था कि भाजपा सरकार चौ. चरणसिंह के सपनों को इस तरह चकनाचूर करेगी। बैठक में चौ. सुरेश पाल, अगम तोमर, चौ. जितेंद्र, चौ. विजय कुमार, सपन कुमार, चौ. रविंद्र, निकेत मलिक, चौ. संजीव, चौ. कुलवंत, रवि कुमार, चौ. सुरेंद्र, चौ. योगेश, चौ. रविंद्र सिरोही, चौ. पंकज, नितिन, संजय आदि मौजूद रहे।