किसान दिवस के रूप में मनाई चौ. चरणसिंह की जयंती

- सहारनपुर में चौ. चरणसिंह की प्रतिमा को दूध से नहलाते जाट महासंघ के पदाधिकारी।
सहारनपुर [24CN]। अखिल भारतीय जाट महासंघ के कार्यकर्ताओं ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री व किसानों के मसीहा चौ. चरणसिंह की जयंती किसान दिवस के रूप में मनाई तथा चौ. चरणसिंह के सिद्धांतों व आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। अखिल भारतीय जाट महासंघ के कार्यकर्ताओं ने चौ. चरणसिंह की मूर्ति को दूध से नहलाकर व माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए अखिल भारतीय जाट महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष चौ. नीरपाल सिंह ने कहा कि चौ. चरणसिंह एक ऐसे महान नेता थे जिन्होंने अपना पूरा जीवन किसानों की सेवा में ईमानदारी व सादगी के साथ व्यतीत किया।
उन्होंने कहा कि चौ. चरणसिंह युग पुरूष व युगदृष्टा थे। उनके आदर्शों को अपनाकर ही जीवन सार्थक हो सकता है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरणसिंह को भारत रत्न भी प्रदान किए जाने की मांग की। जिलाध्यक्ष चौ. अरविंद मलिक ने कहा कि यदि आज के हालात चौ. चरणसिंह देखते तो रो पड़ते क्योंकि आज अन्नदाता किसान इतना परेशान है कि उसके पास आत्महत्या के अलावा कोई विकल्प नहीं है। इस दौरान चौ. प्रवीण दहिया, चौ. सुरेशपाल, अगम तोमर, वी.पी. सिंह, मनोज मलिक, नरेंद्र सिरोही, विजय सिंह, सुदेश मलिक, सोकेंद्र राठी, चौ. नरेंद्र सिंह, चौ. रामकुमार आदि मौजूद रहे।