पेट्रोल और डीजल पर की गई करवृद्धि को तत्काल वापस ले केंद्र सरकारः अखिलेश

लखनऊः समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केन्द्र सरकार से पेट्रोल और डीजल पर की गयी करवृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की है। अखिलेश ने मंगलवार को एक बयान में आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार डीजल-पेट्रोल की कीमतों में मनमानी वृद्धि करने की आदी हो गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भले इसकी कीमतों में गिरावट आए, लेकिन देश में उसकी कीमत कम नहीं होती है।
उन्होंने कहा कि दुनिया में पेट्रोलियम पदार्थों पर सबसे ज्यादा 279 प्रतिशत कर भारत में वसूला जाता है जिसकी वजह से डीजल-पेट्रोल के भाव नीचे आते ही नहीं और गत आठ दिनों में साढ़े चार रूपये की बढ़ोत्तरी कर दी गई है। उपभोक्ताओं के प्रति यह संवेदनहीनता है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि तेल की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर किसानों और अन्य सामान्य उपभोक्ताओं पर पड़ता है। घरेलू अर्थव्यवस्था पर भी इसका बुरा असर पड़ता है।
केन्द्र सरकार को पेट्रोलियम पदार्थों पर की गयी करवृद्धि को तत्काल वापस लेना चाहिए। अखिलेश ने कहा कि अमेरिका में जहां तेल पर 19 प्रतिशत, ब्रिटेन में 47 प्रतिशत और फ्रांस में 39 प्रतिशत कर है, वहीं भारत से भी अधिक खराब अर्थव्यवस्था वाले देशों यानी पाकिस्तान में 102 प्रतिशत, बांग्लादेश में 113 प्रतिशत तथा नेपाल में 113 प्रतिशत कर वसूला जाता है।