NCW चीफ रेखा शर्मा के बयान पर घमासान, APP MLA आतिशी को भाजपा ने दिया जवाब

NCW चीफ रेखा शर्मा के बयान पर घमासान, APP MLA आतिशी को भाजपा ने दिया जवाब

नई दिल्ली । राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा को लेकर दिल्ली में सियासत गर्म हो गई है। आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा के नेताओं के बीच इन्हें लेकर जुबानी जंग शुरू हो गई है। आप विधायक आतिशी ने आयोग की अध्यक्ष पर महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक ट्वीट करने का आरोप लगाते हुए उनसे इस्तीफे की मांग की थीं। अब इसे लेकर भाजपा ने भी पलटवार किया है। भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता ऋचा पांडे मिश्रा ने कहा कि आप विधायक को अपनी पार्टी के उन नेताओं के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए जिनके खिलाफ महिला उत्पीड़न के मामले दर्ज हैं।

उन्होंने कहा कि आप में कई विधायकों व नेताओं पर महिलाओं से उत्पीड़न का आरोप है। विधायक सोमनाथ भारती पर अपनी पत्नी से ही उत्पीड़न का आरोप है। विधायक प्रकाश जरवाल पर महिलाओं से मारपीट का आरोप है जिसके लिए उन्हें जेल भी हुई थी। इसी तरह से सांसद संजय सिंह और आप नेता दुर्गेश पाठक के खिलाफ पंजाब की महिला इकाई ने शिकायत की थीं। इन सभी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। भाजपा लगातार महिला विरोधी नेताओं के खिलाफ आवाज उठाती रही है, लेकिन आप नेतृत्व उन्हें बचाने में लगी हुई है।

उन्होंने कहा कि संतोष कोली और सोनी मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत पर आतिशी खामोश हैं। संतोष का परिवार इंसाफ के लिए भटक रहा है। इसी तरह से सोनी का वर्षों तक उत्पीड़न होता रहा। आजतक इन्हें इंसाफ नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि आतिशी को देश की सामाजिक स्थिति की जानकारी नहीं है। उन्हें कोई भी बयान देने से पहले स्थिति की जानकारी हासिल कर लेनी चाहिए। ज्यादा बेहतर होगा कि वह अपने विधानसभा की चिंता करें और अपनी पार्टी में महिला विरोधी नेताओं के खिलाफ आवाज उठाएं।

विकासपुरी मंडल कार्यकारिणी की बैठक

वहीं, नजफगढ़ जिला भाजपा के अंतर्गत विकासपुरी मंडल के अध्यक्ष रविकांत जौहरी की अध्यक्षता के संगठन की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्रीय निगम पार्षद सरिता जिंदल ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया। सरिता जिंदल ने इस दौरान कहा कि हम सभी को अपनी मेहनत, लगन से क्षेत्र की जनता व पार्टी के पदाधिकारियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है। जनता के बीच केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर जाना है। इस अवसर पर क्षेत्र के पूर्व निगम पार्षद कर्मवीर शेखर भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। सुनील जिंदल ने कहा कि हमें अपने व्यवहार से पार्टी के प्रति क्षेत्र के निवासियों के मन में भरोसा जगाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग पार्टी से जुड़ें।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे