पिछड़ा व दलित विरोधी हैं भाजपा सरकारें: राजपाल

पिछड़ा व दलित विरोधी हैं भाजपा सरकारें: राजपाल
  • सहारनपुर में सपा के सम्मेलन में प्रदेशाध्यक्ष डा. राजपाल को पगड़ी पहनाते पदाधिकारी।

सहारनपुर [24CN]। सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य राजपाल कश्यप ने कहा कि समाजवादी पार्टी ही दलित, पिछड़ा, आदिवासी व महिलाओं का सम्मान करती है। जबकि भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में दलितों व पिछड़ों का सर्वाधिक उत्पीडऩ हो रहा है। उन्होंने पिछड़ा समाज से एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव में अपने उज्जवल भविष्य के लिए सपा प्रत्याशियों को जिताने का आह्वान किया।

विधान परिषद सदस्य राजपाल कश्यप आज यहां मल्हीपुर रोड स्थित एक वैंकट हॉल में सामाजिक न्याय यात्रा के स्वागत समारोह व पिछड़ा वर्ग सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश की जनता को हिंदू-मुस्लिम व मंदिर-मस्जिद के नाम पर बांटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में पिछड़ा वर्ग को ठगने का काम किया गया है। इसलिए भारतीय जनता पार्टी से पिछड़ा वर्ग को सावधान रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जिस देश की जनता पांच किलो अनाज पर निर्भर है तथा सरकार पांच किलो अनाज के नाम पर जनता के वोट लूटने का काम कर रही है जो देश का दुर्भाग्य है। इसे देश को गुलाम बनाने की साजिश बताते हुए जागरूक होने का आह्वान किया तथा आगामी 18 अक्टूबर को बुढ़ाना में होने वाले कश्यप सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।

राज्यसभा सांसद बिसम्बर प्रसाद निषाद ने कहा कि जब तक पिछड़ा वर्ग जागरूक नहीं होगा, उसे उसके अधिकार नहीं मिलेंगे। उन्होंने पिछड़ा वर्ग के लोगों से अपनी वोट की ताकत की पहचान कर आगामी विधानसभा चुनाव में सपा को जिताने की अपील की। सपा जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन ने कहा कि जैसा नेतृत्व अखिलेश यादव के रूप में सपा के पास है, वैसा नेतृत्व किसी भी पार्टी के पास नहीं है। इसलिए सपा कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का लक्ष्य लेकर चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं।

नगर विधायक संजय गर्ग व वरिष्ठ नेता रवि काम्बोज ने कहा कि सपा में ही पिछड़ा वर्ग का हित सुरक्षित है। अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली तत्कालीन सपा सरकार के शासनकाल में पिछड़ा वर्ग के लिए सर्वाधिक योजनाएं लागू करने का काम किया गया था। पिछड़ा वर्ग के प्रदेशाध्यक्ष इंजी. विजेश शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गुलजार सलमानी, प्रदेश सचिव बिजेंद्र विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष रामकुमार विश्वकर्मा ने भी समाजवादी पार्टी को पिछड़ा वर्ग की सच्ची हितैषी बताते हुए कहा कि पिछड़ा वर्ग सपा के साथ मजबूती से जुड़ा हुआ है। अब कोई भी ताकत उत्तर प्रदेश में सपा सरकार बनने से नहीं रोक सकती।

कार्यक्रम को प्रदेश सचिव धूमसिंह सैनी, वरिष्ठ नेता विनोद तेजियान, पूर्व विधायक किरणपाल कश्यप, कार्तिकेय राणा, मांगेराम कश्यप, ममता चौधरी, कटार सिंह कोरी, विजय निषाद, राहुल भारती, जमाल साबरी, साहिल खान, इसरार चौधरी, राजकुमार प्रधान, कल्याण सिंह ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान मनोज पांचाल, फैसल सलमानी, जसवीर वाल्मीकि, वेदपाल पटनी, के. पी. सिंह, अब्दुल गफूर समेत भारी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।