shobhit University Gangoh
 

जम्मू-कश्मीर: वोटिंग के अगले दिन BJP उम्मीदवार की हार्ट अटैक से मौत

जम्मू-कश्मीर: वोटिंग के अगले दिन BJP उम्मीदवार की हार्ट अटैक से मौत

जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर में हाल ही में हुए चुनावों के बाद एक दुखद घटना सामने आई है। सुरनकोट से बीजेपी के उम्मीदवार और पूर्व मंत्री मुश्ताक अहमद शाह बुखारी का बुधवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह पुंछ जिले में अपने आवास पर थे, जब अचानक उन्हें हार्ट अटैक हुआ। बुखारी 75 वर्ष के थे और उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है।

बीजेपी में हाल ही में हुए थे शामिल

मुश्ताक अहमद शाह बुखारी, जो दो बार सुरनकोट से विधायक रह चुके थे, इस साल फरवरी में बीजेपी में शामिल हुए थे। केंद्र सरकार द्वारा उनके पहाड़ी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिए जाने के बाद उन्होंने बीजेपी का दामन थामा था। बुखारी को हाल ही में सुरनकोट से चुनावी मैदान में उतारा गया था, जहां 25 सितंबर को मतदान हुआ था।

फारूक अब्दुल्ला से विवाद के बाद छोड़ी थी नेशनल कॉन्फ्रेंस

बुखारी ने फरवरी 2022 में नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ अपना चार दशक लंबा रिश्ता तोड़ दिया था। अनुसूचित जनजाति के दर्जे को लेकर पार्टी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के साथ मतभेद के कारण उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस छोड़ दी और कुछ महीनों बाद बीजेपी में शामिल हो गए।

राजनीतिक गलियारों में शोक

बुखारी के निधन पर बीजेपी की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष रवींद्र रैना समेत अन्य नेताओं ने शोक व्यक्त किया। रैना ने कहा, ‘‘मुश्ताक बुखारी एक जननेता थे और उनके निधन से राजनीति में एक बड़ी क्षति हुई है, जिसे भरना बेहद मुश्किल है।’’

सुरनकोट में 25 सितंबर को हुए थे चुनाव

मुश्ताक बुखारी को सुरनकोट सीट से बीजेपी ने उम्मीदवार बनाया था। इस सीट पर 25 सितंबर को दूसरे चरण में वोट डाले गए थे। चुनाव के परिणाम 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे, लेकिन उससे पहले ही बुखारी के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

Jamia Tibbia