‘बिहार अब देश का क्राइम कैपिटल’, डायन कांड पर फूटा खरगे का गुस्सा; बोले- राज्य में बदलाव जरूरी

‘बिहार अब देश का क्राइम कैपिटल’, डायन कांड पर फूटा खरगे का गुस्सा; बोले- राज्य में बदलाव जरूरी

नई दिल्ली। कांग्रेस ने बिहार में राजधानी पटना से लेकर पूर्णिया तक व्यवसायियों और आम लोगों की हो रही हत्याओं के दौर पर गंभीर चिंता जाहिर करते हुए कहा है कि अवसरवादी डबल इंजन सरकार ने सूबे की कानून व्यवस्था तबाह कर दी है।

राज्य में कानून व्यवस्था के बेपटरी होने के लिए नीतीश-भाजपा सरकार को पूरी तरह जिम्मेदार ठहराते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि जदयू-भाजपा ठगबंधन ने बिहार को देश का ”क्राइम कैपिटल” बनाने में कसर नहीं छोड़ी है और इसलिए बिहार में इस बार बदलाव तय है।

देश की ‘क्राइम कैपिटल’ बनता जा रहा बिहार: कांग्रेस

पटना में व्यवसायी गोपाल खेमका की पिछले सप्ताहांत हुई हत्या की सनसनीखेज घटना के चंद दिन बाद ही पूर्णिया में पांच लोगों को जिंदा जलाकर मार देने की ताजा वारदात का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने नीतीश-भाजपा सरकार पर मंगलवार को तीखे हमले किए।

मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि पिछले छह माह में आठ बिजनेसमैन की हत्या हो चुकी है तो पांच बार पुलिस की ही पिटाई हुई है।

अंधविश्वास के चलते सोमवार को एक ही परिवार के पांच लोगों को मारा गया और मासूम बच्चों तक को नहीं बख्शा गया। राज्य के सत्ताधारी गठबंधन पर बरसते हुए खरगे ने कहा कि जदयू और भाजपा ठगबंधन ने बिहार को देश की ”क्राइम कैपिटल” बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी है।

बिहार में बदलाव लाकर रहेगा आइएनडीआइए गठबंधन: कांग्रेस

कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि मोदी सरकार के खुद के आंकड़े बताते हैं कि बिहार में गरीबी चरम पर है। सामाजिक और आर्थिक न्याय की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है और ठप्प कानून व्यवस्था के चलते निवेश केवल कागजों तक सीमित रह गया है। इसलिए इस बार बिहार ने तय कर लिया है कि अब वो बीमार नहीं रहेगा। बिहार में बदलाव तय है।

आइएनडीआइए गठबंधन इस बदलाव को लाकर रहेगा। बिहार में आपराधिक घटनाओं तथा हत्यों की घटना में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व भाजपा के साथ अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी हमलावर है।

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भी रविवार को गोपाल खेमका की हत्या पर गहरा रोष जाहिर करते हुए कहा था कि इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भाजपा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मिलकर बिहार को ”भारत की अपराध राजधानी” बना दिया है। इसलिए बिहार के अगले विधानसभा चुनाव में वोट सिर्फ सरकार बदलने के लिए नहीं बल्कि राज्य को बचाने के लिए होगा।

राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता प्रमोद तिवारी ने खरगे के भाजपा-जदयू पर किए गए हमले को सही ठहराते हुए कहा कि नीतीश कुमार की मन:स्थिति किसी से छिपी नहीं है और आज वे नीतीश नहीं है जिन्हें हम पहले जानते थे। कांग्रेस नेता ने कहा कि वास्तव में भाजपा-नीतीश ने बिहार को जंगल राज का देश में सबसे बड़ा उदाहरण बना दिया है और प्रदेश को अराजकता के दौर में डाल दिया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *