चेहरे पर उदासी लिए प्रेमानंद महाराज के पास पहुंचे बादशाह, भाई ने बताया दुख, फिर मिला ऐसा गुरु मंत्र, लौटी मुस्कान

प्रेमानंद महाराज की शरण में फिल्मी सितारे पहुंचते रहते हैं। अक्सर फिल्मी सितारे अपने मन में छिपे सवाल लिए उनके पास पहुंचते हैं और उनके सामने सवाल प्रकट करते हैं, जिसका गहरा जवाब प्रेमानंद महाराज देते हैं, जो कई लोगों के लिए लाइफ लेसन भी साबित बोता है। अब हाल ही में मशहूर रैपर और गायक बादशाह उत्तर प्रदेश के वृंदावन पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध आध्यात्मिक संत प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन किए। इस मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें बादशाह बेहद शांत भाव से गुरुजी के पास बैठे नजर आ रहे हैं, जबकि उनके भाई ने जीवन और रिश्तों को लेकर एक गहन प्रश्न किया।
क्या था प्रेमानंद महाराज से सवाल
बादशाह के भाई ने प्रेमानंद जी से पूछा, ‘इस दुनिया में बहुत लोग सत्य सुनना चाहते हैं, लेकिन जब कोई सच बोलता है तो रिश्ते दूर हो जाते हैं, प्यार खत्म हो जाता है। फिर भी सत्य बोलने की इच्छा होनी चाहिए। लेकिन जब सच कहा जाता है तो सब पीछे हट जाते हैं। ऐसा लगता है जैसे किसी ने श्राप दे दिया हो। इंसान टूट जाता है, न काम कर पाता है, न कर्म।’ इसके जवाब में गुरुजी ने कहा कि सत्य की राह पर ही चलना चाहिए। लोगों का छूटना जायज है, क्योंकि वो असत्य की राह पर हैं। उनके छूटने से कोई फर्क नहीं पड़ता। सत्य की राह पर चलने वाले के साथ भगवान होता है और जिसके साथ भगवान खड़े हों, उसके साथ चलने के लिए पूरा जमाना तैयार हो जाता है। इसलिए सत्य पर ही चलना चाहिए।
